वाराणसी। पेट्रोल पदार्थों में खासकर डीजल की कीमतें रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई हैं। मंगलवार को वाराणसी में डीजल का रेट 71 रुपये के पार पहुंच गया। इसका असर रोजमर्रा के जरूरी सामानों पर भी दिखने लगा है। जहां हरी सब्जियों में दो से पंाच रुपये का उछाल आया है तो वहीं माल ढुलाई पर भी महंगाई का असर नजर आ रहा है।
31 मार्च, 2018 को जहां पेट्रोल 75.10 पैसे तो वहीं डीजल 64.76 पैसे था। पांच महीने बाद पेट्रोल में लगभग चार रुपये की तेजी आई तो वहीं डीजल के दाम में लगभग सात रुपये का उछाल आया। धीरे-धीरे डीजल और पेट्रोल के मूल्य के बीच का अंतर भी कम हुआ। डीजल के दाम में बढ़ोतरी का असर किसानी पर भी पड़ा है और जुताई महंगी हो गई है। कजीसराय के रहने वाले रामबली पटेल ने बताया कि दो महीने पहले जहां 50 से 55 रुपये बिस्वा एक बार की जुताई का ले रहे थे तो वह रेट बढ़कर 60-65 रुपये हो गया है। इसी प्रकार शहर में भी बढ़ते रेट को लेकर लोगों में चिंता देखी जा रही है। व्यापारी सनी जौहर ने बताया कि जिस तरह से दाम बेलगाम हो गए हैं। उससे यही लगता है कि सरकार जल्द ही जीएसटी ला सकती है।