ज्ञानपुर। पूर्वांचल के कई जिलों में मवेशी चोरी की घटनाओं को अंजाम देने वाले गिरोह को दबोचने में ऊंज पुलिस को सफलता मिली। गिरोह के गैंग लीडर समेत चार को पुलिस ने शनिवार को वहिदा मोड़ से गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों ने कई घटनाओं की बात को कबूल किया। पुलिस ने सभी को जेल भेजा। पुलिस लाइन सभागार में रविवार को मामले का खुलासा करते हुए एएसपी डॉ. संजय कुमार पत्रकारों से रूबरू हुए। उन्होंने कहा कि जिले में मवेशी चुराने की बढ़ती घटनाओं के रोकथाम के लिए एसपी राजेश एस ने क्षेत्राधिकारी की निगरानी में जांच सौंपी थी। मुखबीर की सूचना पर ऊंज प्रभारी निरीक्षक राजेश पांडेय शनिवार को दिन में एक बजे चार पशु तस्करों को गिरफ्तार किया। इस दौरान चोरी की तीन भैंस के साथ पिकअप यूपी 62 एटी 1125 से बरामद किया। गिरफ्तार आरोपियों ने बताया कि गिरोह का लीडर अच्छे खान उर्फ वकील निवासी सराय जगदीश है। जो भदोही, आजमगढ़, जौनपुर के व्यक्तियों को अपना सदस्य बनाता उसके बाद इलाहाबाद, मिर्जापुर समेत अन्य जिलों में भैंस की चोरी कराता। उनकी फर्जी बिल्टी बनाकर कानपुर समेत अन्य जगहों पर बेच देता। पूछताछ में सभी ने बताया कि सुरियावां के छित्तेपुर, महुआपुर समेत कई अन्य स्थानों पर वह चोरी किए थे जहां केस दर्ज है। पुलिस ने अच्छे खान उर्फ वकील, सेराज अहमद पुत्र मोबीन अहमद निवासी जैगहां थाना खेतासराय जौनपुर, धर्मेन्द्र विश्वकर्मा, रामजीत विश्वकर्मा निवासी वनगाव थाना दिदारगंज आजमगढ़ को जेल भेज दिया। गिरफ्तारी टीम में उप निरीक्षक धर्मेंद्र कुमार, कांस्टेबल पंकज, आशुतोष पांडेय रहे।