वाराणसी। शहर की पेयजल, सीवर और सफाई व्यवस्था का जायजा शुक्रवार को कमिश्नर दीपक अग्रवाल और डीएम योगेश्वर राम मिश्र ने लिया। नगवां लंका में स्थानीय नागरिकों से बातचीत की। 12 हैंडपंपों की खराबी और बेहतर जलापूर्ति नहीं होने पर नाराज कमिश्नर ने उप नगर आयुक्त को बोरिंग का काम शुरू कराने और टैंकर से पानी भेजवाने को कहा। क्षेत्रीय पार्षद को फोन कर रिबोर का निेर्दश दिया।
करौंदी आदित्यनगर तालाब की खाली जमीन पर पंचक्रोशी परिक्रमा के श्रद्धालुओं के बैठने के लिए टेंट, कुसी व प्याऊ लगाने को कहा। लंका चौराहे पर सफाई नहीं होने पर नगर निगम के जोनल अधिकारी को डांटा और नियमित कूड़ा उठान की हिदायत दी। अस्सी घाट पर कूड़े का ढेर देख कमिश्नर ने फटकार लगाई। साथ ही जोनल अधिकारी को हिदायत दी कि दोबारा निरीक्षण में इसकी पुनरावृत्ति हुई तो कड़ी कार्रवाई होगी।
शहर के सभी वार्डों में नियमित सफाई और कूड़े का उठान करने को कहा। सफाई कर्मी वर्दी में सफाई कार्य करें। हैंडपंपों की जांचकर खराब की रिबोरिंग कराने को कहा। पेयजल की समस्या वाले इलाकों में टैंकर से पानी पहुंचाने को कहा। नगवां लंका के लोगों ने सीवर की समस्या बताई। इस पर नगर आयुक्त से बातचीत कर समाधान कराने का भरोसा दिया।