वाराणसी। पंचक्रोशी पड़ाव की दुश्वारियों को कम करने के लिए जिला प्रशासन की सक्रियता तेज हो गई है। अमर उजाला अखबार में पड़ावों की दुर्व्यवस्था के मामले में खबर छपने के बाद अधिकारियों ने गुरुवार को कर्दमेश्वर, भीमचंडी और रामेश्वर पड़ाव का दौरा किया। अधिकारियों ने मौके पर तैनात कर्मचारियों को व्यवस्था दुुरुस्त करने और गड़बड़ियों को तत्काल दूर करने का सख्त निर्देश दिया है।
गुरुवार को पंचक्रोशी परिक्रमा के प्रथम पड़ाव कर्दमेश्वर महादेव पर सफाई के लिए 20 सफाईकर्मियों को तैनात किया गया है। सभी पड़ावों पर यही व्यवस्था लागू की गई है। सभी सफाई कर्मियों की आनलाइन हाजिरी भी दर्ज कराई जा रही है। इनकी ड्यूटी दो शिफ्ट में लगाई गई है। पड़ावों के बीच-बीच में यात्रियों को पानी के लिए जलसंस्थान की ओर से पानी के टैंकर लगाए गए हैं। हालांकि स्थानीय लोगों का कहना था कि टैंकरों की व्यवस्था अभी नाकाफी है और टैंकर लगाने पड़ेंगे। अपर नगर मजिस्ट्रेट द्वितीय अंजनी कुमार सिंह ने टीम के साथ पंचक्रोशी के पड़ावों का जायजा लिया और संबंधित विभाग को व्यवस्था सुधारने को कहा।
अंधेरे में ही सफर कर रहे तीर्थयात्री
वाराणसी। पंचक्रोशी परिक्रमा के पड़ाव पर सुविधाओं का दावा प्रशासन की ओर से किया जा रहा है लेकिन बिजली की मुकम्मल व्यवस्था नहीं की गई है। तीर्थयात्रियों को रात की यात्रा अंधेरे में ही तय करनी पड़ रही है। पड़ावों के बीच अभी प्रकाश की कोई व्यवस्था नहीं है। वहीं धर्मशालाओं में बिजली की व्यवस्था नहीं होने से तीर्थयात्रियों को अंधेरे में ही रात गुजारनी पड़ रही है।