वाराणसी। दशाश्वमेध घाट से शुक्रवार को गंगा जनजागरण यात्रा की शुरुआत हुई। यात्रा छह जिलों (संघ की रचना से 15 जिले) से होकर 18 मई को प्रयाग में लेटे हुए हनुमान के सामने पार्क में पहुंचेगी। जहां जनसभा के जरिए यात्रा का समापन होगा। यात्रा गाजीपुर पहुंची है। 13 को पुन: काशी आएगी। यहां भ्रमण के बाद मिर्जापुर के लिए रवाना होगी।
साधु-संतों की देखरेख में घाट पर गंगा पूजन और आरती के बाद गंगा के दोनों तटों से दो सुसज्जित रथों पर यह यात्रा निकली। गंगा किनारे के गांव और नगरों में पहुंचने के बाद यात्रा में शामिल लोग जनता से गंगा से जुड़ी समस्याओं पर चर्चा करेंगे। गंगा समग्र की ओर से इसका पूरा ब्योरा तैयार होगा और सरकार को दिया जाएगा।
यात्रा के सह संयोजक अमिताभ के अनुसार यात्रा के जरिए किसानों और जनता से सीधा जुड़ाव होगा। यात्रा रवाना करने के मौके पर अन्नपूर्णा मंदिर के महंत रामेश्वर पुरी, संतोष दास सतुआ बाबा, महापौर मृदुला जायसवाल, विधायक सौरभ श्रीवास्तव, विश्व संवाद केंद्र के प्रभारी अंबरीष कुमार, जगदीश्वरानंद, स्वामी सुबोधानंद, निर्मल दास, संघ के काशी प्रांत प्रचारक रमेश, सह प्रांत प्रचारक मनोज, वरिष्ठ प्रचारक परमेश्वर, नरसिंह दास, शोमनाथ विश्वकर्मा आदि शामिल रहे।