मोढ़। करियांव बाजार में होली के दिन हुए बवाल के पांचवें दिन धीरे-धीरे स्थिति सामान्य होने लगी है। बुधवार को बाजार की अधिकांश दुकानें खुली। सुरक्षा के मद्देनजर अब भी बाजार में पुलिस और पीएसी तैनात है। होली के दिन रमयनपुर गांव के कुछ युवकों ने विवाद के बाद पांच बाइकों को जला दिया गया था साथ ही यूपी 100 के वाहन पर पथराव किया गया था। इस प्रकरण में पुलिस ने दो पक्षों के 24 लोगों पर बलवा समेत कई धाराओं में केस दर्ज किया था। मामले में 17 लोगों को पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है। होली के दिन हुई घटना के बाद भी बाजार में चार दिनों तक सन्नाटा पसरा रहा। बुधवार को सुबह 10 बजे के बाद व्यापारियों ने एक-एक करके अपनी दुकानों को खोला हालांकि उनके मन में अब भी भय व्याप्त है। माना जा रहा है कि बृहस्पतिवार से बाजार की सभी दुकानें खुल जाएंगी।