भदोही। प्रजापिता ब्रम्हकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय द्वारा सनबीम स्कूल भदोही प्रांगण में गत 12 दिनों से संचालित अलविदा तनाव शिविर का बुधवार को विधिवत समापन हो गया। शिविर में शहरवासियों ने तनावमुक्त जीवन जीने की कला सीखने के साथ साथ अध्यात्मिक जीवन शैली अपनाने के गुर भी सीखे। इस शिविर के माध्यम से लोगों को बताया गया कि शारीरिक और मानसिक बीमारियों का कारण तनाव ही है।
12 दिनों तक लोगों को नए नए टिप्स दे रही पूनम बहन ने बताया कि हमारा गलत खान-पान, देर से सोना, देर से उठना, नशे की लत, चाय-काफी का अधिक सेवन, चिंता, डर, दुख आदि अनेक बीमारियों की जड़ है। यदि तन के साथ मन को भी स्वस्थ रखें तो अनेक बीमारियों पर स्वत: विजय प्राप्त हो जाएगी। पश्चिम नेपाल व वाराणसी की प्रभारी सुरेंद्र दीदी ने लोगों से कहा कि आज से आप एक नया जीवन प्रारंभ कर रहे हैं। भदोही सेवाकेंद्र प्रभारी विजय लक्ष्मी दीदी ने धन्यवाद ज्ञापित किया।