ज्ञानपुर। भदोही ब्लॉक प्रमुखी चुनाव को लेकर जारी घमासान अब मुहाने पर आ गया है। 15 जनवरी को ब्लॉक सभागार में प्रस्तावित अविश्वास प्रस्ताव की बैठक को देखते हुए पक्ष और विपक्ष दोनों खेमों में भागदौड़ और पैंतरेबाजी तेज हो गई है। एक तरफ कुर्सी पर काबिज पक्ष अपनी साख को बचाने के लिए शतरंज के सभी चाल रहा है, वहीं विपक्षी खेमा इस महासमर को अपने नाम करने के लिए एड़ी चोटी का जोर लगाने में जुटा है।
20 दिसंबर को बीडीसी प्रियंका सिंह ने ब्लॉक के 147 सदस्यों में 89 सदस्यों का हस्ताक्षर युक्त शपथ पत्र भाजपा जिलाध्यक्ष की उपस्थिति में जिलाधिकारी को देकर अविश्वास प्रस्ताव की मांग की थी। डीएम ने 15 जनवरी को 11 बजे दिन से अविश्वास प्रस्ताव बैठक की तिथि तय की। उसके बाद से ही जिले का सियासी पारा चढ़ा हुआ है। कभी बीडीसी के अपहरण तो कभी बरामदगी का दौर चला। कई लोगों की प्रकरण में गिरफ्तारी भी हो चुकी है। सदस्यों की लामबंदी और जोड़ तोड़ भी तेजी से चल रहा है। उच्च न्यायालय से राहत न मिलने से सियासत गरमा गई है। सूत्रों की मानें तो 15 जनवरी को अविश्वास प्रस्ताव के दौरान माहौल खराब करने की कोशिश भी की जा सकती है। मामला वर्चस्व और राजनैतिक दृष्टि से अहम होने से कोई भी पीछे हटने के मूड में नहीं है, ऐसे में प्रशासन के सामने भी चुनौती रहेगी। अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. संजय कुमार ने कहा कि अविश्वास को लेकर सुरक्षा की पूरी तैयारी की गई है। निर्धारित व्यक्तियों के अलावा परिसर में कोई नहीं जा सकेगा।