वाराणसी। डीएवी इंटर कॉलेज में अंग्रेजी के प्रवक्ता ओमप्रकाश पर एक कर्मचारी ने शुक्रवार को मारपीट और गालीगलौज करने का मुकदमा कोतवाली थाने में दर्ज करवाया है। विद्यालय में हुई मारपीट के बाद शिक्षक और कर्मचारियों ने पठन-पाठन स्थगित करते हुए धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य डा. राधाकांत मिश्र ने बताया कि शुक्रवार को कर्मचारी शैलेंद्र नाथ ड्यूटी रजिस्टर लेकर अंग्रेजी प्रवक्ता ओमप्रकाश के पास गया था। इस दौरान प्रवक्ता ने कर्मचारी के साथ गालीगलौज और मारपीट की। इसके चलते विद्यालय में हंगामा शुरू हो गया। विवाद के कारण विद्यालय में पठन-पाठन स्थगित हो गया और शिक्षक, कर्मचारी धरने पर बैठ गए। प्रधानाचार्य ने बताया कि उक्त शिक्षक विद्यालय में समय से नहीं आते हैं। वह विद्यालय का वातावरण बिगाड़ने का प्रयास कर रहे हैं और मुकदमे में फंसाने की धमकी देते हैं। कोतवाली इंस्पेक्टर ने बताया कि कर्मचारी की तहरीर पर मारपीट का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।