वाराणसी। खराब सड़कों से क्षुब्ध नागरिकों ने मंगलवार को आशापुर में चक्काजाम कर दिया। आशापुर बाजार स्थित एक आयल मिल े समीप काफी दिनों से खराब सड़क बनवाने की मांग को पूर्व प्रधान नागेश्वर मिश्र के नेतृत्व में चक्काजाम किया गया। इसके चलते गाजीपुर से लेकर नेपाल रूट की सभी गाड़ियां खड़ी हो गई। थोड़ी देर में वहां गाड़ियों का काफिला लग गया। इस मामले में देर रात आठ नामजद समेत 12 अज्ञात लोगों पर सारनाथ थाने में मुकदमा दर्ज किया गया।
इस दौरान पूर्व प्रधान ने कहा कि शिकायत के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई। कभी कभार गिटटी डाला जाता है लेकिन इसका निर्माण नहीं किया जाता है। सड़कों पर जानलेवा गड्ढे हैं। आयल मिल के ट्रक खड़े होने से आस पास के लोगों को काफी परेशानी झेलनी पड़ती है। इस सड़क पर कई दुर्घटनाओं में मौतें हो चुकी हैं लेकिन अब तक प्रशासन ने सड़क बनवाने की दिशा में कोई कदम नहीं उठाया।
चक्काजाम की सूचना मिलते ही एसीएम चतुर्थ और पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने चक्काजाम करने वालों से बातचीत की। अधिकारियों ने सड़क की मरम्मत कराने का आश्वासन दिया। तकरीबन डेढ़ घंटे बाद चक्काजाम समाप्त हुई। जाम लगाने वालों में प्रीति सिंह, सृष्टि, रश्मि चतुर्वेदी, निधि श्रीवास्तव, आलोक मिश्र, अंकित, रजनीश, वल्लभ, देवेंद्र, अखिलेश आदि शामिल रहे। आशापुर पुलिस चौकी इंचार्ज की तहरीर पर नागेश्वर मिश्र, अखिलेश पांडेय, श्यामजी श्रीवास्तव, राजेश चतुर्वेदी, अमित श्रीवास्तव, राहुल मिश्र, गप्पू चौबे, शिवा पाठक समेत 12 अज्ञात पर मुकदमा दर्ज हुआ।