वाराणसी। समायोजन बहाली की मांग को लेकर एक बार फिर शिक्षामित्रों ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया है। स्कूलों में पठन-पाठन ठप कर जिले भर के शिक्षामित्रों ने गुरुवार को बीएसए कार्यालय पर धरना-प्रदर्शन किया। सैकड़ों की संख्या में जुटे शिक्षामित्रों ने बीएसए कार्यालय पर जमकर नारेबाजी की और प्रभारी बीएसए को ज्ञापन सौंपा। इधर, विद्यालयों में सत्रीय परीक्षा चल रही है। बावजूद इसके स्कूलों की परीक्षा छोड़ शिक्षामित्र धरने पर रहे।
आदर्श समायोजित शिक्षक वेलफेयर एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष अमरेंद्र कुमार दुबे का कहना है कि शिक्षामित्रों के समायोजन में अपनाई गई प्रक्रिया दोषपूर्ण है तो इसमें शिक्षामित्रों का क्या कुसूर। 17 साल से शिक्षामित्र अपनी सेवा दे रहे हैं। कोई 50 साल का हो चुका है तो कोई 55 का। उम्र के इन पड़ाव पर आकर हमारे लिए टीईटी पास करने की अनिवार्यता सही फैसला नहीं है। उन्होंने मांग की कि केंद्र व राज्य सरकार इस फैसले पर शिक्षामित्रों के हक में कदम उठाए। शिक्षामित्रों ने अध्यादेश में संशोधन कर उन्हें पुन: सहायक शिक्षक पद पर समायोजित करने और समायोजन होने तक समान वेतन लागू करने की मांग रखी।