वाराणसी। मानसून में बेहतर बिजली आपूर्ति के लिए विभाग ने मुकम्मल तैयारी नहीं की। जिसका खामियाजा इन दिनों आम जनता को उठाना पड़ रहा है। बारिश के साथ ही कई इलाकों में बत्ती गुल होने का सिलसिला शुरू हो गया है। सोमवार को दो से तीन घंटे आपूर्ति प्रभावित रही। प्रभावित इलाकों में कचहरी, सिगरा, लंका, मंडुवाडीह, चांदपुर, लोहता, चेतगंज, मैदागिन आदि इलाके शामिल रहे। विद्युत सुधार के नाम पर मंगलवार को भी कई इलाकों में बत्ती गुल रहेगी।
बिजली व्यवस्था के बाबत मुख्य अभियंता अश्वनी कुमार ने बताया कि तैयारियां लगातार की जा रही है। कुछ जगहों पर विकास कार्य के चलते शटडाउन लेना पड़ रहा है। इसके चलते थोड़ी बहुत आपूर्ति प्रभावित होती है। बावजूद इसके बेहतर आपूर्ति की जा रही है। नगरीय विद्युत वितरण खंड द्वितीय के अधीक्षण अभियंता आरडी सिंह ने बताया कि पीडब्ल्यूडी की ओर से आजमगढ़ मार्ग पर सड़क चौड़ीकरण का काम चल रहा है। पोल शिफ्टिंग का काम चल रहा है। यही नहीं पंचक्रोशी फीडर का लोड बांटा जा रहा है। इसके चलते 11 से 2 बजे तक आपूर्ति बंद रहेगी। काशी वन और टू सुबह 11 से 3 बजे तक, रमरेपुर, प्रेमचंद्र, पहड़िया फीडर 11 से 1 बजे तक बंद रहेगी। अधिशासी अभियंता डीके त्रिपाठी के अनुसार कैंट उपकेंद्र के इलाकों में पेड़ों की डालियों की छंटाई होगी। मंडुवाडीह, लहरतारा, चांदपुर, केराकतपुर, लोहता शिवदासपुर की आपूर्ति 11 से 1 बजे तक बंद रहेगी। अधिशासी अभियंता आरके यादव के अनुसार चौकाघाट फ्लाईओवर निर्माण में शिफ्ट की गई भूमिगत केबल को चार्ज किया जाएगा। इसके लिए मंगलवार को सिगरा उपकेंद्र से कई क्षेत्रों की आपूर्ति 11 से 2 बजे तक बाधित रहेगी। अधिशासी अभियंता मनोज अग्रवाल के अनुसार डाफी उपकेंद्र के कंदवा की आपूर्ति 12 से 4 बजे तक बाधित रहेगी।