ज्ञानपुर। प्राथमिक और पूर्व माध्यमिक विद्यालय के बच्चों को बेहतर यूनिफॉर्म उपलब्ध कराने को लेकर ब्लॉक संसाधन केंद्र में शनिवार को बीआरसी, एनपीआरसी की एक दिवसीय बैठक हुई। इसमें ड्रेस के खरीद प्रक्रिया से लेकर वितरण तक की बारीकियों को बताया गया। जिला समन्वयक आरके सिंह ने कहा कि जिले के एक लाख 41 हजार बच्चों को यूनिफार्म वितरण करना है। शर्ट चेकदार लाल और पैंट ब्राउन कलर में होगा। एक से 15 जुलाई तक सभी बच्चों को शत प्रतिशत यूनिफार्म पहुंचाना है। कपड़ा खरीदने, सिलवाने में कोई कोताही न बरती जाए। प्रशिक्षण में कपड़े का सैंपल भी दिखाया गया। उन्होंने बताया कि 20 हजार से एक लाख तक कोटेशन और एक लाख से अधिक पर टेंडर निकाला जाएगा। वितरण के दौरान 80 नोडल अधिकारी गुणवत्ता देखने के लिए लगाए जाएंगे। इस मौके पर बीईओ ज्ञानपुर कृष्णदत्त पांडेय, औराई अरविंद पांडेय समेत कई लोग मौजूद रहे।