वाराणसी। दुर्गाकुंड स्थित हनुमान प्रसाद पोद्दार अंध विद्यालय में विद्यालय न खोले जाने के विरोध में छात्रों का अनशन दूसरे दिन बुधवार को भी जारी रहा। एक ओर जहां कॉलेज के प्रधानाचार्य, कर्मचारी कार्यालय, कक्षाओं सहित छात्रावास में तालाबंदी कर बाहर चले गए, वहीं विद्यालय परिसर में अनशनरत छात्रों के समर्थन में पूर्व छात्र भी पहुंचे।
कक्षा 9 से 12 तक की कक्षाओं को बंद कर विद्यालय प्रबंधन ने इसकी सूचना छात्र-छात्राओं के घर भेज दी। मंगलवार को जब छात्र विद्यालय पहुंचे तो उन्हें अंदर जाने नहीं दिया गया। पहले छात्रों ने विद्यालय के बाहर प्रदर्शन किया, इसके बाद भी जब मांग नहीं मानी गई तो शाम से अनशन शुरू कर दिया। बुधवार को भी विद्यालय के बाहर छात्र अनशन पर बैठे रहे लेकिन गेट नहीं खुला। छात्रों के अनशन को राष्ट्रीय दृष्टिहीन संघ के साथ ही पूर्व छात्रों ने समर्थन करते हुए विद्यालय प्रबंधन से तत्काल विद्यालय खोले जाने की मांग की। इस बारे में प्रबंधक श्यामसुंदर दास ने बताया कि छात्र पूरी तरह से अपनी मनमानी कर रहे हैं। कोई बात मानने को तैयार नहीं हैं। बताया कि समिति के पास बजट का अभाव है, जिसके कारण 9 से 12 तक की कक्षाओं को बंद करने का निर्णय लिया गया है।