वाराणसी। बीएचयू परिसर में निर्माणाधीन भवनों का सोमवार को कुलपति प्रो. राकेश भटनागर ने जायजा लिया। अधिकारियों के साथ कुलपति ने सुपर स्पेशियलिटी सेंटर, मातृत्व शिशु स्वास्थ्य भवन, इंटरनेशनल हॉस्टल, वैदिक विज्ञान केंद्र आदि का निरीक्षण किया और काम में शिथिलता पर नाराजगी जाहिर की। तय समय के भीतर काम पूरा करने का निर्देश देने के साथ ही काम में देरी पर जुर्माना लगाने की चेतावनी भी दी।
बीएचयू में शताब्दी सुपर स्पेशियलिटी कॉम्पलेक्स के साथ ही ट्रामा सेंटर परिसर में मनोचिकित्सा विभाग, विश्वनाथ मंदिर के पास वैदिक विज्ञान केंद्र, इंटरनेशनल हॉस्टल आदि का निर्माण चल रहा है। कुलपति यहां आईएमएस निदेशक प्रो. एके अस्थाना, सर सुंदरलाल अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. एसके माथुर, उप चिकित्सा अधीक्षक प्रो. जीएन श्रीवास्तव, डॉ. आनंद श्रीवास्तव के साथ भवनों में चल रहे कामकाज का जायजा लेने पहुंचे। उन्होंने अलग-अलग ब्लॉक, शुरू की जाने वाली सुविधाओं आदि के बारे में कार्यदायी संस्था के अधिकारियों से बातचीत की। इस दौरान चीफ प्राक्टर प्रो. रोयाना सिंह, प्रशासनिक अधिकारी मनोज कुमार गुप्ता, प्रकाश शर्मा आदि मौजूद थे।