वाराणसी। संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय छात्रसंघ चुनाव में 12 दिसंबर को होने वाले मतदान में इस बार अध्यक्ष-महामंत्री पद पर त्रिकोणीय मुकाबला होगा। इसके अलावा उपाध्यक्ष और पुस्तकालय मंत्री पद पर चार-चार प्रत्याशी मैदान में हैं। रविवार को नामवापसी के बाद चुनाव अधिकारी की ओर से वैध प्रत्याशियों की सूची जारी कर दी गई।
केंद्रीय कार्यालय से लेकर छात्रावास, विभागों में प्रत्याशी अपने समर्थकों संग पहुंचकर अपना-अपना एक-एक वोट सहेजने में लगे हैं। रविवार को नामवापसी को लेकर गहमागहमी का माहौल रहा। पदवार प्रत्याशी और उनके समर्थक जीत के लिए गुणागणित लगाते रहे। चार नवंबर को जहां चार प्रमुख पदों (अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, महामंत्री, पुस्तकालय मंत्री) पर 66 प्रत्याशियों ने नामांकन किया था वहीं अब नामवापसी के बाद महज14 प्रत्याशी ही बचे हैं। चुनाव अधिकारी ने बताया कि संकाय प्रतिनिधियों में वेद वेदांग संकाय से चार पदों के सापेक्ष पांच प्रत्याशी मैदान में हैं। साहित्य संस्कृति में दो पदों के सापेक्ष तीन और आधुनिक ज्ञान विज्ञान संकाय में निर्विरोध निर्वाचन हुआ। श्रमण विद्या संकाय में एक पद के लिए दो प्रत्याशी मैदान में हैं।
ये प्रत्याशी हैं मैदान में
अध्यक्ष- पंकज कुमार पांडेय, प्रांजल पांडेय, सत्यप्रकाश तिवारी।
उपाध्यक्ष- जितेंद्र, मंटू कुमार तिवारी, शशिकांत पांडेय और शुभम पांडेय।
महामंत्री- अभिषेक शुक्ल, देवनारायन पांडेय, राकेश कुमार दूबे।
पुस्तकालय मंत्री- ओमप्रकाश राय, राधारमण पांडेय, विपिन कुमार चौबे, सत्यप्रकाश तिवारी।
हरिशचंद्र पीजी कॉलेज
चार प्रमुख पदों पर सीधी टक्कर
वाराणसी। हरिश्चंद्र स्नातकोत्तर महाविद्यालय में 16 दिसंबर को होने वाले मतदान में अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, महामंत्री और पुस्तकालय मंत्री। चार प्रमुख पदों पर सीधी टक्क र होगी। रविवार को नामवापसी के बाद जारी सूची के बाद अब चारों प्रमुख पदों पर नामांकन करने वाले 13 प्रत्याशियों की जगह केवल आठ ही रह गए हैं। मुख्य चुनाव अधिकारी डॉ. विजय कुमार राय ने बताया कि अध्यक्ष, महामंत्री और पुस्तकालयमंत्री से एक-एक प्रत्याशी और जबकि उपाध्यक्ष पद से दो प्रत्याशियों ने नाम वापस लिया। बताया कि पांच संकायों के लिए सात प्रत्याशी मैदान में हैं।