वाराणसी। भेलूपुर थाना क्षेत्र में कक्षा नौ की छात्रा का अपहरण कर उसके साथ सामूहिक दुराचार किए जाने का मामला गुरुवार को सामने आया। वारदात लगभग सवा माह पुरानी नौ मई की बताई गई है। पीड़िता की मां की तहरीर के आधार पर भेलूपुर थाने में मिंटू सिंह और तीन अज्ञात के खिलाफ सामूहिक दुराचार, अपहरण सहित अन्य आरोपों में मुकदमा दर्ज कर पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई है। साथ ही, पीड़िता को मेडिकल मुआयना के लिए भेजा गया है।
भेलूपुर थाने पर गुरुवार दोपहर बाद पीड़िता अपनी मां के साथ पहुंची। पीड़िता की मां ने बताया कि उनकी बेटी नौ मई को लक्सा क्षेत्र स्थित अपने स्कूल जाने के लिए महमूरगंज स्थित एक मिठाई की दुकान के पास से ऑटो में बैठी। ऑटो में पीछे मिंटू सिंह सहित तीन युवक पहले से बैठे थे। इसी दौरान तीनों ने पीड़िता को नशीला पदार्थ सुंघा दिया तो वह बेहोश हो गई। होश में आने पर उसने खुद को लोहता क्षेत्र स्थित कमरे में बंद पाया और उसके हाथ-पैर बंधे थे। पीड़िता के अनुसार बंद कमरे में उसके साथ चार युवकों ने दुराचार किया। विरोध करने पर चारों युवक उसकी पिटाई करते थे। किसी तरह से पीड़िता वहां से भाग कर एक अस्पताल के पास पहुंची और वहां मौजूद एक बुजुर्ग को आपबीती सुनाई तो उन्होंने उसे उसके घर तक पहुंचाया। आरोप है कि आरोपी पीड़िता को जानमाल की धमकी दे रहे थे इस वजह से वह पुलिस से शिकायत करने से कतरा रही थी। किसी तरह से उसने शिकायत की हिम्मत जुटाई तो पुलिस टालमटोल करने लगी। इस संबंध में क्षेत्राधिकारी भेलूपुर एपी सिंह ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। नामजद मिंटू सिंह का घर भी पीड़िता को नहीं पता है। दो टीमें तफ्तीश के लिए लगाई गई है।