ज्ञानपुर। माध्यमिक शिक्षा परिषद की 10वीं और 12वीं की कापियों का मूल्यांकन कार्य जारी वीएनजीआईसी में जारी है। चौथे दिन 13242 कापियों का मूल्यांकन हुआ। माध्यमिक वित्तविहीन शिक्षकों के मूल्यांकन कार्य का बहिष्कार करने से मूल्यांकन कार्य गति नहीं पकड़ पा रहा है। हालांकि सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों के शिक्षक मूल्यांकन कार्य के लिए नियुक्त किए जा रहे हैं।
मूल्यांकन केंद्र पर कापियों के मूल्यांकन के लिए 82 टेबल लगाए गए हैं। अभी कई टेबलों पर मूल्यांकन कार्य नहीं हो रहा है। टेबल खाली चल रहे हैं। 757 परीक्षक कापियों के मूल्यांकन के लिए नियुक्त किए गए हैं। मगर वित्तविहीन शिक्षकों के बहिष्कार करने से सभी परीक्षकों ने मूल्यांकन कार्य नहीं किया। चौथे दिन भी मूल्यांकन कार्य धीमा रहा। 13242 कापियों की ही जांच हो सकी। इनमें 10वीं की 7666 और 12वीं की 5576 कापियां शामिल हैं। विभूति नारायण राजकीय इंटर कॉलेज ज्ञानपुर में कापियों का 31 मार्च तक मूल्यांकन किया जाएगा। 10वीं और 12वीं की उत्तर पुस्तिकाओं की जांच 757 परीक्षकों को करना है। मगर अभी वित्तविहीन परीक्षक गैरहाजिर चल रहे हैं। जांच के लिए 10वीं और 12वीं की दो लाख 50 हजार 875 कापियां पहुंच चुकीं हैं। अब तक मात्र 33 हजार कापियों की ही जांच हो सकी है। जबकि 31 मार्च तक मूल्यांकन कार्य का समाप्त करना है। मूल्यांकन केंद्र के उप नियंत्रक वीएनजीआईसी के प्रधानाचार्य नीरज त्रिपाठी ने बताया कि वित्तविहीन शिक्षकों के बहिष्कार के चलते मूल्यांकन कार्य गति नहीं पकड़ पा रहा है। हालांकि सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्य-ालयों के शिक्षकों को परीक्षक बनाया जा रहा है।