वाराणसी। महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में अध्यापक संघ की ओर से आयोजित होली मिलन समारोह गायन वादन और नृत्य नाटिका के साथ मनाया गया। गीतकार कन्हैया दूबे केडी के संयोजन में राधा कृष्ण पर आधारित नृत्य नाटिका में बरसाने की होली, फूलों की होली के साथ साथ कलाकारों ने एक से बढ़कर एक होली, चैती सहित अनेक पारंपरिक गीत गाकर माहौल को होलियाना बना दिया।
ठंडई और दुपलिया टोपी के साथ अबीर गुलाल सभी के चेहरे पर चार चांद लगा रहे थे। प्रो. अजित शुक्ल ने रंग बरसे भीगे चुनर वाली, खइके पान बनारस वाला, प्रो. शिव कुमार मिश्र ने ‘रिस रास कर आयो कन्हैया’ डॉ. अमलेश शुक्ल ने ‘खेले भोला होरी रे’ बम बम बोल रहा है काशी, स्नेहा अवस्थी ने जोगी जी धीरे धीरे, होली आई रे कन्हाई सहित अनेक गीत सुनाए। कलाकारों के साथ कैलाश पांडेय आर्गन पर रहे। अध्यक्षता कुलपति पृथ्वीश नाग व संचालन प्रो. बंशीधर पांडेय तथा धन्यवाद ज्ञापन प्रो. बृजेश ने किया। कार्यक्रम में कुलानुशासक प्रो. शंभू उपाध्याय, प्रो. कृपा शंकर जायसवाल, प्रो. चतुर्भुज नाथ तिवारी, प्रो. शिव कुमार मिश्रा, प्रो. सुधीर शुक्ला, प्रो. उदित नारायण चौबे, डॉ, सुमन ओझा सहित अनेक अध्यापक और छात्र उपस्थित रहे।