दुबहर (बलिया)। श्रीरामपुर घाट पर विधायक आनंद स्वरूप शुक्ला ने आधे अधूरे पीपापुल का लोकार्पण कर दिया। पुल पर अभी बालू तथा मिट्टी में चढ़ान पर लोहे की चादर नहीं बिछाई गई है। जिससे लोगों को अपने वाहन ले जाने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
जिला मुख्यालय से महज तीन किलोमीटर दूर गंगा नदी पर बने पीपापुल के आधा अधूरा निर्माण से गंगा पार के लोगों में नाराजगी है। हर साल 15 अक्टूबर के पहले ही पीपा का पुल का निर्माण हो जाता था। लेकिन इस साल विभाग की लापरवाही के कारण पुल का निर्माण दिसंबर के अंतिम सप्ताह तक संपन्न हो पाया। उसमें भी पुल के माध्यम से गंगा उस पार जाने के लिए बालू में मिट्टी में लोहे के चादर को अभी तक नहीं बिछवाया गया है। जिसके चलते वाहनों से आने जाने वाले तथा पैदल चलने वाले लोगों को ढलाई पर चढ़ने में काफी परेशानी हो रही है। शिवपुर दियर नई बस्ती निवासी धुरूप सिंह एवं गंगा उस पार के निवासी शिव शंकर पांडेय ने पीपा पुल के निर्माण में हुई लापरवाही पर जिम्मेदारों के आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है।
अधिशासी अभियंता एमपी चौरसिया ने बताया कि पीपा पुल के निर्माण कार्य पूरा होने में अभी कम से कम 15 दिन लगेंगे।