पिंडरा (वाराणसी)। फूलपुर थाना अंतर्गत गंगापुर तिराहा के समीप गुरुवार की रात ट्रक की टक्कर से सड़क पर गिरी बाइक सवार गुड़िया (50) और उनकी पांच माह की पोती की मौत हो गई। हादसे में मौत से गुस्साए ग्रामीणों ने बाबतपुर से चौबेपुर मार्ग को जाम कर दिया। ग्रामीणों की मांग थी कि बदहाल बाबतपुर-चौबेपुर मार्ग को दुरुस्त कराया जाए और पीड़ित परिवार को मुआवजा दिलाया जाए। लगभग दो घंटे बाद किसी तरह से ग्रामीणों को समझाबुझा कर शांत कराया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। इस दौरान सड़क के दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लगी रही। बता दें कि हादसे के दौरान बाइक सवार लोगों ने हेलमेट नहीं पहन रखा था।
फूलपुर थाना क्षेत्र के काशीपुर निवासी नौशाद (18) के बड़े भाई इब्राहिम की पांच माह की बेटी की तबियत खराब थी। गुरुवार की शाम नौशाद बाइक से अपनी मां गुड़िया के साथ पांच माह की मासूम को डॉक्टर को दिखाने मंगारी बाजार गया था। वापसी के दौरान नौशाद बाइक लेकर गंगापुर तिराहे के समीप पहुंचा था इसी दौरान सामने से आए ट्रक ने टक्कर मारी। ट्रक की टक्कर से नौशाद बाएं तरफ गिरा और गुड़िया व उनकी नातिन दाएं तरफ गिरकर ट्रक के नीचे आ गए। हादसे के बाद नौशाद किसी तरह से अपनी मां और भतीजी का शव लेकर घर पहुंचा। वहीं, घटनास्थल के समीप मौजूद ग्रामीणों ने बाबतपुर से चौबेपुर मार्ग को जाम कर दिया। सभी का कहना था कि सड़क की खराब स्थिति के कारण रोजाना हादसे हो रहे हैं लेकिन प्रशासन ध्यान नहीं दे रहा है।