वाराणसी। प्लैनेट मिसेज इंडिया इंटरनेशनल वेस्ट का खिताब वाराणसी की सत्या जायसवाल के सिर सजा। गोवा में प्लेनेट सेल द्वारा आयोजित इस प्रतियोगिता में भारत की कुल 35 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया जिसमें जिसमें चार उत्तर प्रदेश से रहीं। मिसेज इंडिया यूनिवर्स 2016 रश्मि सचदेवा व मिसेज इंडिया वर्ड वाइड 2012 रेबेका लोगन बिन के द्वारा सत्या जायसवाल को क्राउन व शील्ड देकर सम्मानित किया गया।
प्लैनेट मिसेज इंडिया इंटरनेशनल वेस्ट का खिताब जीतने वाली सत्या जायसवाल वाराणसी की बहू हैं। इस प्रतियोगिता के लिए प्रतिभागियों का ऑडिशन और स्क्रीनिंग देश के कई शहरों में आयोजित किया गया। फाइनल पहली जुलाई को गोवा शहर के नाजरी रिसोर्ट में हुआ। वहां पर भारतीय परिधान में वाराणसी की बहू सत्या उतरीं तो दर्शकों ने उनका जमकर हौसला बढ़ाया। उन्होंनेे दर्शकों की वाहवाही तो लूटी ही साथ में जजेज़ का दिल भी जीत लिया। वाराणसी के अग्रसेन कन्या महाविद्यालय से स्नातक सत्या जायसवाल एक कुशल गृहणी होने के साथ साथ एक मंझी हुई गायिका भी हैं । अपनी इस कामयाबी से गदगद सत्या ने अमर उजाला को बताया कि वह शहर की विवाहित महिलाओं के अंदर छिपी हुई प्रतिभा को निखारने व संवारने के लिए कौशल प्रशिक्षण की कार्यशालाओं का आयोजन करना चाहती हैं। इसमें सौंदर्य, ग्लैमर, फैशन, नृत्य और संगीत, कला क्षेत्र की नामचीन हस्तियों के द्वारा प्रशिक्षण दिया जाएगा।