वाराणसी। बीएचयू दृश्यकला संकाय में दो दिवसीय फोटोग्राफी प्रदर्शनी के अंतिम दिन मंगलवार को युवा कलाकारों ने धरोहर के साथ पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया। अहिवासी कला वीथिका में लगी प्रदर्शनी में 50 से अधिक फोटोग्राफी, ग्राफिक्स और एनिमेशन के माध्यम में गंगा घाट, पर्यावरण संरक्षण के साथ ही नारी सशक्तीकरण को बढ़ावा देने की अपील की गई।
व्यवहारिक कला विभाग में शशि शंकर ने जहां फोटोग्राफी का हुनर दिखाया, वहीं रिया गुप्ता ने ग्राफिक्स और एनिमेशन की कला को बड़े ही आकर्षक अंदाज में प्रस्तुत किया। शिक्षकों ने दोनों के इस प्रयास को सराहा और दूसरों के लिए प्रेरणादायी बताया। शशि शंकर ने बताया कि फोटोग्राफी के माध्यम से दिन-प्रतिदिन बनारस में हो रही गतिविधियों में कलात्मकता के अनुभव को क्लिक करने की कोशिश की गई है। रिया अपने ग्राफिक्स और एनिमेशन के जरिए लोगों तक पर्यावरण और जीव-जंतुओं के प्रति अपनी सजगता को पहुंचना चाहती हैं। इस दौरान संकाय प्रमुख प्रो. दीप्ती प्रकाश मोहंती, प्रो. ललित सोनी, आशीष गुप्ता आदि लोग मौजूद रहे।