वाराणसी। रविवार रात जिला निर्वाचन अधिकारी और एसएसपी ने फोर्स के साथ शहर में फ्लैग मार्च किया। वह कलेक्ट्रेट से चौकाघाट, लहुराबीर, मैदागिन, गोदौलिया होते हुए लंका, यहां से भेलूपुर, रथयात्रा, सिगरा, अंधरापुल होते हुए भोजूबीर और पांडेयपुर तक गए। दोनों अधिकारियों ने अपील की कि निर्वाचन प्रक्रिया को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने में आमजन सहयोग करें। अफवाहें फैलाकर, शराब वितरित कर, रुपये देकर या किसी अन्य गलत तरीके से यदि कोई चुनाव प्रक्रिया को बाधित करने की कोशिश करेगा तो मुकदमा दर्ज कर उसे जेल भेजा जाएगा। इस दौरान रास्ते से राजनीतिक दलों के बैनर, पोस्टर और पंफलेट भी हटाए गए। एसएसपी ने कहा कि लोकसभा चुनाव संपन्न होने तक रोजाना सुबह और शाम क्षेत्राधिकारी, थानाध्यक्ष और हल्का प्रभारी अपने क्षेत्र में फोर्स के साथ पैदल गश्त करेंगे। आमजन से बातचीत कर भी समस्याएं जानेंगे। आमजन से अपील की कि शरारती तत्वों की सूचना सौ नंबर पर या नजदीकी थाने पर दें।