वाराणसी। सेंट्रल जेल रोड स्थित साइन सिटी इंफ्रास्ट्रक्चर कंपनी के चेयरमैन सहित पांच के खिलाफ आवासीय प्लाट देने के लिए लिए गए 75000 रुपये वापस न करने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में कैंट थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। यह कार्रवाई अदालत के आदेश पर की गई है।
रोहनिया थाना के फरीदपुर निवासी फूलमाला विक्रेता धीरज कुमार सैनी के अनुसार उन्होंने सर्वोदय कांप्लेक्स स्थित साइन सिटी इंफ्रास्ट्रक्चर कंपनी से एक हजार वर्ग फीट का आवासीय प्लाट 75000 रुपये में बुक कराया था। बाद में पता करने पर जानकारी हुई कि कंपनी का काम विश्वसनीय है तो उन्होंने अपना पैसा मांगना शुरू किया। इस पर उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई। धीरज की तहरीर पर कंपनी के चेयरमैन राशिद नसीम और कर्मचारियों नीरज यादव, रामेश्वर मिश्रा, कमल व अजय के खिलाफ मामला दर्ज कर कैंट पुलिस जांच कर रही है।
335 पेटी शराब डीसीएम से बरामद, एक गिरफ्तार
रोहनिया। हरियाणा से तस्करी कर बिहार ले जाई जा रही 335 शराब की अवैध खेप सोमवार की रात पुलिस ने लठिया के समीप एक डीसीएम से बरामद की। इंस्पेक्टर रोहनिया परशुराम त्रिपाठी ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली थी कि डीसीएम से शराब की अवैध खेप बिहार ले जाई जा रही है। इस सूचना पर एसआई संजय सिंह और नीरज सिंह के साथ लठिया के पास घेरेबंदी कर डीसीएम को रुकने का इशारा किया गया। इस पर चालक ने डीसीएम की रफ्तार बढ़ा दी। डीसीएम का पीछा कर लठिया त्रिमुहानी के समीप उसे रोकने में सफलता मिली। डीसीएम से हरियाणा निवासी मुकेश को गिरफ्तार किया गया। डीसीएम से फर्जी रजिस्ट्रेशन नंबर लिखी नंबर प्लेटें भी बरामद हुई है। शराब और डीसीएम को जब्त कर चालक मुकेश को मंगलवार को जेल भेज दिया गया।
गैस रिफिलिंग के अवैध धंधे का भंडाफोड़
सारनाथ। पंचक्रोशी मार्ग स्थित पैगंबरपुर में सड़क के किनारे एक मकान में संचालित हो रहे गैस रिफलिंग के अवैध धंधे का पुलिस ने भंडाफोड़ किया। पुलिस ने मौके से 56 बड़े और चार छोटे गैस सिलिंडर के साथ ही नापतौल की मशीन, एक लोडर और गैस भरने वाली मशीन बरामद की है। पुलिस ने मौके से आजम खां, सत्यनारायण दुबे और दिलीप दुबे को हिरासत में लिया है। तीनों के खिलाफ सारनाथ थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है।
दहेज हत्या का आरोपी पति गिरफ्तार
कछवा रोड। दहेज हत्या के मामले में वांछित फरार चल रहे करधना (बसुहन) गांव निवासी पति चंद्रशेखर पटेल को मंगलवार की सुबह मिर्जामुराद पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। फूलपुर थाना अंतर्गत पुअरा-रघुनाथपुर गांव निवासी रमाशंकर पटेल की पुत्री वंदना की शादी 29 अप्रैल 2017 को मिर्जामुराद क्षेत्र के करधना (बसुहन) गांव निवासी चन्द्रशेखर पटेल संग हुई थी। आरोप है कि दहेज की मांग पूरी न होने पर नौ फरवरी को ससुराल पक्ष द्वारा विवाहिता की हत्या कर दी गई। इस मामले में पति चंद्रशेखर, जेठ अशोक व संतोष और देवर छोटे समेत छह लोगों के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है।
रुपये कई गुना करने का लालच देकर वृद्धा के रुपये हड़पे
दानगंज। चोलापुर थाना अंतर्गत लखनपुर गांव की वृद्धा को रुपये कई गुना करने का लालच देकर रिश्तेदार ने लाखों रुपया हड़प लिया। लखनपुर गांव की गिरिजा देवी से जौनपुर जिला निवासी उसके रिश्तेदार ने चार लाख रुपये को एक करोड़ करने का झांसा दिया था। इस पर वृद्धा ने चार लाख रुपया दे दिया। लंबा समय बीत गया लेकिन वृद्धा को उसका चार लाख रुपया ही नहीं मिला। रिश्तेदारों की पंचायत हुई तो आरोपी ने सवा लाख रुपया वापस किया लेकिन बाकी रकम नहीं दे रहा है। वृद्धा ने चोलापुर थाने पर तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।