वाराणसी। गोदौलिया पर टू व्हीलर मल्टीलेवल पार्किंग स्टील की बनाई जाएगी। इसे लेकर शनिवार को कमिश्नर ने मातहतों संग बैठक की। उन्होंने इस व्यवस्था को जल्द पूरा कराने के लिए लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिया। कहा कि इस व्यवस्था की बहुत आवश्यकता है, इसलिए इसे जल्द पूरा किया जाना चाहिए।
कमिश्नर दीपक अग्रवाल ने गोदौलिया चौराहे के पास से पुलिस बूथ को एक सप्ताह के अंदर अन्यत्र शिफ्ट करने का निर्देश दिया। उन्होंने विद्युत विभाग के ट्रांसफार्मर और विद्युत पोल को भी शिफ्ट कराने को लेकर उन्होंने विद्युत विभाग के दो दिन के अंदर निरीक्षण कर काम शुरू करने को कहा। कमिश्नर ने सीवर लाइन की शिफ्टिंग व्यवस्था को लेकर जलकल के अधिकारियों का जल्द रिपोर्ट देकर काम शुरू करने की बात कही। उन्होंने कहा कि संबंधित विभागीय अभियंताओं की टीम एक साथ मौके पर जाकर स्थलीय निरीक्षण करें और मौके पर मौजूद अवरोध को तत्काल दूर कराने की तैयारी करें। वहीं वर्तमान पार्किंग व तांगा स्टैंड को शिफ्ट करते हुए जल्द ही कूड़ा घर को नगर निगम से हटाए जाने की बात कही। बैठक में नगर आयुक्त, अपर जिलाधिकारी नगर, पुलिस, लोक निर्माण विभाग, विद्युत और जल निगम के अभियंता उपस्थित रहे।