वाराणसी। कैंट रेलवे स्टेशन के यार्ड में बुधवार को मालगाड़ी की बोगी बेपटरी हो गई। इसके चलते लगभग डेढ़ घंटे तक ट्रेनों का परिचालन प्रभावित रहा। दो ट्रेनें अपने निर्धारित समय से काफी देरी से रवाना हुईं, जिससे यात्रियों को समस्या का सामना करना पड़ा।
वाराणसी से मुगलसराय की ओर जा रही मालगाड़ी दोपहर लगभग 1:30 बजे यार्ड में बेपटरी हो गई। बोगी का एक पहिया ट्रैक से उतर गया। कंट्रोल को मिली सूचना के बाद स्टेशन निदेशक आनंद मोहन सहित मौके पर बड़ी संख्या में रेल कर्मी पहुंच गए। तीन बजे के लगभग ट्रेन को पटरी पर लाया जा सका और परिचालन सामान्य हो सका। इसके चलते काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस एक घंटा 25 मिनट देरी से रवाना हो सकी। वहीं कामायनी भी देरी से गई। आधे घंटे तक प्लेटफार्म नंबर छह पर कोई ट्रेन नहीं ली जा सकी। प्रथम दृष्टया ट्रेन के डिरेलमेंट का कारण पटरी में लगी प्लेट में गड़बड़ी को बताया जा रहा है। जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।