चंदौली। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के करीबी प्रदेश प्रवक्ता की ओर से 50 लाख रुपये की मांग कई बार की गई। रुपये नहीं देने के कारण शहाबगंज ब्लाक प्रमुख शशि उपाध्याय के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाया गया। अगर पैसे दे दिए होते तो न तो अविश्वास प्रस्ताव आया होता और न ही मेरे ऊपर चकिया कोतवाली में छेड़खानी का फर्जी मुकदमा दर्ज हुआ होता। यह आरोप शहाबगंज के पूर्व ब्लाक प्रमुख शशि उपाध्याय के पति कुश उपाध्याय ने शनिवार को मुख्यालय स्थित कैंप कार्यालय पर पत्रकार वार्ता के दौरान लगाया।
उन्होंने कहा कि मेरे मोबाइल पर कई बार भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के खास और प्रदेश प्रवक्ता ने फोन पर व अकेले में बुलाकर मुझसे पैसे की मांग की। पूरे प्रकरण की जांच कराई जाय। चकिया कोतवाली में छेड़खानी का मुकदमा दर्ज होने के बाद जब जिले के संबंधित उच्चाधिकारियों से वार्ता की तो उन्होंने बताया कि मेरे ऊपर दबाव है। कुश उपाध्याय ने कहा, मेरी हत्या की भी साजिश रची जा रही है। सुरक्षा को लेकर भी एसपी और आईजी से गुहार लगा चुका हूं। मेरा और भाजपा के प्रवक्ता का नार्को टेस्ट कराया जाए, जिससे असलियत सामने आ जाए।