वाराणसी। अगर आप अपना कोई सामान विदेश भेजना चाहते हैं तो इसके लिए परेशान होने की जरूरत नहीं है। बनारस में प्रवासी भारतीय सम्मेलन से पहले आफिस ऑफ एक्सचेंज खुल जाएगा। शनिवार को पोस्टमास्टर जनरल (पीएमजी) प्रणव कुमार ने प्रेस कांफ्रेंस में इसकी जानकारी दी। बताया कि यहां डाक विभाग और कस्टम दोनों विभाग का कार्यालय रहेगा।
प्रधान डाकघर कैंट स्थित कार्यालय पर प्रेस कांफ्रेंस में पीएमजी ने बताया कि दीनदयाल हस्तकला संकुल बड़ालालपुर में आफिस ऑफ एक्सचेंज खोले जाने संबंधी औपचारिकताएं अंतिम चरण में हैं और सम्मेलन से पहले यहां काम शुरू हो जाएगा। इस नई व्यवस्था से सबसे अधिक फायदा उन व्यापारियों को होगा जो अपना सामान विदेश भेजते हैं। यहां कस्टम विभाग की ओर से सामान भेजने से पहले उसकी विस्तृत जांच की जाएगी और यहीं पर ही डाक विभाग की ओर से उसकी बुकिंग की सुविधा रहेगी। इससे कम समय में सभी औपचारिकताओं के पूरे होने के बाद सामान पहुंचने में समय नहीं लगेगा। डाक विभाग अपने खाताधारकों के लिए नवंबर के पहले सप्ताह से विश्वेश्वरगंज प्रधान डाकघर में बैंक की तरह ही टोकन सिस्टम शुरू करने जा रहा है, जिसके बाद उन्हें जमा-निकासी के लिए लंबा इंतजार नहीं करना पड़ेगा। विश्वेश्वरगंज में ही फिलेटली ब्यूरो भी खोला जा रहा है, जहां से डाक टिकट संग्रह सहित टिकट के बारे में विस्तृत जानकारी भी दी जाएगी।15 अक्तूबर तक चल रहे डाक सप्ताह के तहत लोगों को सुकन्या समृद्धि योजना, डाक जीवन बीमा, बचत खाता आदि योजनाओं की जानकारी दी जा रही है।