फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

हर-हर, बम-बम से गूंजी कालीन नगरी

विज्ञापन
विज्ञापन
ज्ञानपुर। सावन के तीसरे सोमवार को कालीन नगरी का कोना-कोना शिव भक्ति में लीन नजर आया। शिवालयों में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा और जलाभिषेक के लिए कांवरियों की टोलियां हर-हर महादेव के जयघोष के शिवालयों पर पहुंचती रहीं। सेमराधनाथ धाम में 50 हजार से अधिक भक्तों ने जलाभिषेक किया। इसी तरह सिद्धपीठ हरिहरनाथ धाम, बड़े शिव, तिलेश्वरनाथ समेत अन्य मंदिरों में भोर से लेकर देर रात तक भक्तों की कतारें लगी रहीं। इस दौरान हर-हर, बम-बम से दिशाएं गूंजती रहीं। हरिहरनाथ धाम में भोर में चार बजे से ही श्रद्धालुओं का आगमन शुरू हो गया। इस दौरान वैदिक मंत्रोच्चार और जयघोष से पूरा मंदिर परिसर गूंजता रहा। परिसर में सावन में नौ दिनी शतचंडी महायज्ञ के आयोजन के चलते दर्शनार्थियों की संख्या में इजाफा हो गया है। सुरक्षा के मद्देनजर मंदिर परिसर के मुख्य द्वार पर पुलिस के जवान तैनात रहे। घंटे-घड़ियाल, शंखध्वनि और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच तमाम श्रद्धालुओं ने सपरिवार रुद्राभिषेक किया। रुद्राभिषेक के आयोजन घरों पर भी आयोजित किए गए थे। जंगीगंज: गंगा तट पर स्थित भूतभावन स्वयंभू बाबा सेमराधनाथ धाम में सुबह से ही श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। बड़ी संख्या में शिवभक्तों ने जयघोष के साथ पतित पावनी गंगा में स्नान कर कुएं में विराजित बाबा सेमराध नाथ का जलाभिषेक किया। भारी भीड़ के मद्देनजर पर्याप्त संख्या में महिला और पुरुष पुलिस बल सुरक्षा ब्यवस्था में लगा रहा। जंगीगंज-सेमराध मार्ग सहित अन्य संपर्क मार्गो पर भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की आवाजाही और जयघोष देर शाम तक बना रहा। पूरा सेमराध क्षेत्र और आसपास के श्रीराम मंदिर, राधाकृष्ण मंदिर सहित अन्य मंदिरों बंशीवट, कल्पवृक्ष, पर्णकुटी आदि स्थानश्रद्धालुओं की भीड़ से भरे रहे। एक अनुमान के मुताबिक सेमराधनाथ धाम में 50 हजार के आसपास श्रद्धालुओं ने दर्शन-पूजन और जलाभिषेक किया। इसके अलावा बाबा टिकेश्वर नाथ मंदिर चेरापुर सहित पंचवटी, गरदहनाथ, अनगढ़ नाथ, बाबा खाखरनाथ सहित अन्य शिव मंदिरों पर भी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखी गई। गोपीगंज: नगर स्थित बाबा बड़े शिव मंदिर पर सावन के तीसरे सोमवार को डीएम राजेंद्र प्रसाद ने सपत्नीक विधिविधान से रुद्रभिषेक किया। इस दौरान मंदिर में भक्तों की भारी भीड़ रही। सावन के तीसरे सोमवार को बड़ी संख्या में भक्तों ने जलाभिषेक कर महादेव को फूल, माला, बेलपत्र, मिष्ठान, धतूरा, भांग आदि अर्पित किया। भोर से ही कांवरियों के साथ अन्य भक्तों का मंदिर में जलाभिषेक के लिए तांता लगा रहा। पं. शरद पांडेय, राजू पंडा, संदीप पांडेय और दीपू पांडेय ने विधि विधान रुद्राभिषेक संपन्न कराया। इसी तरह भदोही, औराई, सुरियावां, चौरी, सीतामढ़ी, महाराजगंज, अभोली, दुर्गागंज आदि क्षेत्रों के शिवमंदिरों पर भी सावन के तीसरे सोमवार को दिनभर दर्शन-पूजन का सिलसिला चलता रहा।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें