बड़ागांव। इटहा गांव निवासी सपा नेता और पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य सुरेश उर्फ राजेश (40) की हत्या की आशंका जताते हुए परिजनों ने शुक्रवार को बड़ागांव थाने में तहरीर दी है। सुरेश गुरुवार की रात इटहा गांव के समीप बाबतपुर-कपसेठी मुख्य मार्ग मोड़ पर लहूलुहान हाल में गिरे पड़े मिले थे। ग्रामीणों की सूचना पर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र से बीएचयू ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। घटना को लेकर सपा नेताओं और कार्यकर्ताओं में खासा रोष है। सपाई बड़ागांव थाने से लेकर मृतक के घर और पोस्टमार्टम हाउस पर खासी संख्या में मौजूद रहे।
इटहा गांव निवासी सुरेश दो बार क्षेत्र पंचायत सदस्य और समाजवादी पार्टी के ब्लाक व विधानसभा अध्यक्ष रह चुके हैं। दो बेटों और दो बेटियों के पिता सुरेश गुरुवार की रात बाइक से बाबतपुर से घर जा रहे थे। गांव के समीप ही सड़क पर सुरेश को पड़ा देख ग्रामीणों ने परिजनों को सूचना दी। भाई संदीप यादव ने बताया कि उसके बड़े भाई की सिर्फ कनपटी पर चोट लगी हुई थी। ऐसे में हत्या की आशंका से इंकार नहीं किया जा सकता है। इस संबंध में इंस्पेक्टर बड़ागांव ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला सड़क हादसे जैसा प्रतीत हुआ है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की वजह स्पष्ट होने पर मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।
वहीं, घटना की जानकारी मिलने पर पूर्व सांसद और सपा नेता तूफानी सरोज पार्टी, अखिलेश मिश्रा सहित अन्य नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ सुरेश के घर पहुंचे। परिजनों को ढांढस बंधाते हुए उन्होंने घटना की जांच की मांग की। कहा कि सुरेश पार्टी के सच्चे सिपाही थे। यदि पुलिस ने निष्पक्ष तरीके से जांच नहीं की तो सपाइयों को सड़क पर उतरने में देर नहीं लगेगी।