वाराणसी। फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुअल मैक्रां और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगमन की तैयारियों का जायजा लेने गुरुवार को यहां आए संसदीय कार्य एवं नगर विकास मंत्री सुरेश खन्ना ने उच्चाधिकारियों को निर्देश दिया कि समय से सारी तैयारियां पूरी कर ली जाएं। कहीं किसी तरह की चूक बरदाश्त नहीं की जाएगी। सर्किट हाउस में समीक्षा बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत में नगर विकास मंत्री नेे गोरखपुर और फूलपुर संसदीय सीट के उपचुनाव में भाजपा की जीत का दावा किया। विकास योजनाओं पर कहा कि किसी भी परियोजना के पूरा होने की समयसीमा अब बढ़ाई नहीं जाएगी। वहीं, दालमंडी में अवैध रूप से बनाए गए बेसमेंट पर कार्रवाई के सवाल पर कोई जवाब नहीं दिया।
बीएचयू बवाल मामले की मजिस्ट्रेटी जांच और पुलिस की जांच अब तक पूरी न होने के सवाल पर भी कुछ नहीं बोले। मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद भी अधर में लटकी जेएनएनयूआरएम की पेयजल परियोजना के बारे में कहा कि कार्यदायी संस्था जलनिगम के काम में सुधार है। अगले दौरे में वह इसकी समीक्षा करेंगे। जल निगम में इंजीनियरों की कमी से काम प्रभावित होने एवं वाराणसी में दूसरे स्थानों से स्थानांतरण पर इंजीनियरों के न आने के सवाल पर कहा कि लोक सेवा आयोग से जल्द नए इंजीनियर भर्ती किए जाएंगे। किसी भी योजना के पूरा होने के समय को आगे नहीं बढ़ाया जाएगा। इससे पहले नगर विकास मंत्री ने बड़ालापुर स्थित पं. दीनदयाल उपाध्याय हस्तकला संकुल, डीरेका और अस्सी घाट का निरीक्षण किया। प्रमुख सचिव चिकित्सा स्वास्थ्य डॉ. रजनीश दुबे ने भी शाम को कार्यक्रम स्थल का जायजा लिया।