वाराणसी। इलाहाबाद बैंक के कार्यपालक निदेशक एस हरिशंकर दो दिवसीय दौरे पर गुरुवार को काशी पहुंचे। पहले दिन उन्होंने बैंक के अधिकारियों, कर्मचारियों से बैंकिंग क्षेत्र की समस्याओं और उसके समाधान के बारे में विस्तार से बताया। दूसरे दिन वे यूपी के मंडल कार्यालयों के प्रबंधकों संग बैठक कर समीक्षा करेंगे। गुरुवार को संस्कृत विश्वविद्यालय पाणिनी भवन सभागार में हरिशंकर ने बताया कि बैंकिंग व्यवस्था इन दिनों कठिनाईयों के दौर से गुजर रही है लेकिन इसकी परवाह किए बिना ग्राहकों को सर्वश्रेष्ठ सेवा देने के लिए प्रयासरत रहने की जरूरत है।
बैंक अधिकारियों-कर्मचारियों की गोष्ठी में कार्यपालक निदेशक ने कहा कि इस दौर में अपने अस्तित्व को बनाए रखने की जरूरत है। अधिक से अधिक ग्राहकों को जोड़ने के साथ ही उनकी सभी वित्तीय सेवाओं को एक जगह मुहैया कराने का प्रयास करना होगा। कहा कि ग्राहक भी डिजिटल बैंकिंग की ओर तेजी से बढ़ रहे हैं, ऐसे में इस क्षेत्र सी जुड़ी समस्याओं का समाधान करते हुए खुद को तत्पर करना होगा। हरिशंकर ने बताया कि महिलाओं के लिए ऑल बैंक शक्ति योजना समेत कुल आठ योजनाएं शुरू की गई हैं, जिससे कि अधिक से अधिक सेवाओं का लाभ मिल सके। इसके साथ ही, एनपीए वसूली में तेजी लाने की जरूरत है। उधर, बातचीत में बताया कि बैंक की सभी शाखाओं को एनपीए की शतप्रतिशत वसूली करते रहने के निर्देश के साथ ही समय के साथ-साथ नई-नई योजनाएं भी शुरू की जा रही हैं। इस दौरान क्षेत्र महाप्रबंधक संजीव कुमार, मंडल प्रमुख बी साहू ने स्मृति चिन्ह देकर निदेशक को सम्मानित किया।