वाराणसी। डाक विभाग में कर्मचारियों की कमी, नई पेंशन योजना समाप्त करने, निजीकरण आदि के विरोध में कर्मचारियों का दो दिवसीय क्रमिक उपवास मंगलवार से शुरू हो गया। अखिल भारतीय डाक कर्मचारी संघ के मंडलीय अध्यक्ष नरेंद्र सिंह और सचिव सुबाष शाह ने प्रधानमंत्री को भेजे गए ज्ञापन के माध्यम से जल्द कार्रवाई की मांग की।
संघ के पदाधिकारियों ने बताया कि विभाग में डाक सहायक, पोस्टमैन, मेलगार्ड, मेल मोटर ड्राइवर की कमी से दिक्कत हो रही है। इसके अलावा ग्रामीण डाक सेवक की सदस्यता सत्यापन पर रोक हटाने, नई पेंशन योजना समाप्त करने, आउटसोर्सिंग, निगमीकरण, निजीकरण पर रोक लगाने सहित अन्य मांगों पर कई बार आवाज उठाने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई। नरेंद्र सिंह, सीबी उपाध्याय, रमेश मिश्रा, जयप्रकाश सिंह, अनिल सिंह, रणजीत सिंह, सुशील सिंह आदि ने चेतावनी दी कि 14 फरवरी तक कार्रवाई नहीं हुई तो अनिश्चितकालीन हड़ताल करने को बाध्य होंगे।