वाराणसी। महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में छात्रसंघ चुनाव की अधिसूचना जारी होने के बाद से विद्यार्थी परिषद, समाजवादी छात्रसभा सहित अन्य छात्र संगठन सक्रिय हो गए हैं। परिसर में संगठन के नाम पर प्रचार तो कई छात्रनेता कर रहे हैं लेकिन अब जबकि नामांकन में बस दो दिन बचे हैं, उम्मीदवारी को लेकर उहापोह तेज हो गई है। संगठनों के वरिष्ठ पदाधिकारी भी जिताऊ छात्रनेताओं के चयन में जुट गए हैं। इस बीच विद्यार्थी परिषद की ओर से सोमवार देर शाम उम्मीदवारों की सूची फाइनल कर दी गई।
छात्रसंघ चुनाव में इस बार 25 अक्तूबर को नामांकन के लिए आनलाइन पंजीकरण होगा जबकि 26 अक्तूबर को सुबह 8 बजे से दोपहर दो बजे तक नामांकन मानविकी संकाय में होगा। प्रदेश के विश्वविद्यालयों की बात करें तो आगरा विश्वविद्यालय में इस बार के चुनाव में विद्यार्थी परिषद ने जीत दर्ज की लेकिन इलाहाबाद केंद्रीय विश्वविद्यालय के चुनाव में समाजवादी छात्र सभा का जिस तरह से परचम लहराया है, उससे छात्रसभा कार्यकर्ता भी पूरे जोश से लबरेज है। काशी विद्यापीठ परिसर में जैसे-जैसे नामांकन की तिथि नजदीक आती जा रही है, चुनाव प्रचार भी तेज हो गया है। माना जा रहा है कि 25 अक्तूबर की शाम तक छात्र संगठनों का पैनल घोषित हो जाएगा। वैसे पिछले चुनाव की बात करें तो इस बार पैनल भी देर से घोषित हो रहा है, इसके पीछे यह कि संगठन के पदाधिकारी प्रत्याशी चयन में कोई कमी नहीं छोड़ना चाहते हैं। विद्यापीठ में विद्यार्थी परिषद दो साल पहले का अपना इतिहास दोहराना चाहेगा तो छात्रसभा भी जीत को बरकरार रखने में लगा है।