वाराणसी। गोवर्धन पूजनोत्सव पर शहर में निकली शोभायात्रा में हर तरफ आस्था और उल्लास के रंग छाए नजर आए। गोवर्धन पूजा समिति की ओर से शुक्रवार को हथुआ मार्केट से निकाली गई इस शोभायात्रा में यदुवंशियों का हुजूम उमड़ पड़ा। ढोल-नगाड़ों की थाप पर झूमते-नाचते आगे बढ़े। एक से एक मनोरम झांकियां आकर्षण का केंद्र बनीं। केसरिया साफा बांधे यादव बंधुओं ने इस दौरान परंपरागत मनरी कला (लट्ठबाजी) का प्रदर्शन किया। वहीं, लहुराबीर से निकाली गई श्रीकृष्ण यादव महासभा की शोभायात्रा में भी बड़ी तादाद में लोग शामिल हुए।
हथुआ मार्केट से सुनील यादव साजन ने फीता काटकर शोभायात्रा का उद्घाटन किया। यहां से लहुराबीर, पिपलानी कटरा, मैदागिन, विशेश्वरगंज, मुकीमगंज, मछोदरी होेते हुए शोभायात्रा राजघाट से खिड़किया घाट पहुंची। ढोल-नगाड़ों की गूंज के बीच शोभायात्रा आगे बढ़ती गई और लोग शामिल होते गए। लहुराबीर से कबीरचौरा पहुंचने तक पूरी सड़क केसरिया साफा बांधे यादव बंधुओं से पट गई। अन्य वर्गों के लोग भी शामिल हुए। तकरीबन पांच घंटे में यह शोभायात्रा राजघाट स्थित खिड़किया घाट पहुंची। इस दौरान रास्ते भर विविध सांस्कृतिक आयोजन हुए। मथुरा, वृंदावन के कलाकारों ने रासलीला का मंचन किया। कतुआपुरा मेें मनरी कला (लट्ठबाजी) का प्रदर्शन आकर्षण का केंद्र बना। खिड़किया घाट स्थित गोवर्धन धाम मंदिर में पूजा-पाठ के बाद पूरा आयोजन सभा में तब्दील हो गया।
छह लोगों को दिया गया गोवर्धनश्री
गोवर्धन पूजा समिति की ओर से विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य के लिए छह लोगों को सम्मानित किया गया। कला और साहित्य के क्षेत्र में मंगल कवि, शिक्षा के लिए जतिन यादव, समाज सेवा के लिए डॉ. विजय यादव, चिकित्सा के क्षेत्र में डॉ. विजय प्रताप, व्यापार के क्षेत्र में क्षती यादव को गोवर्धनश्री दिया गया। वहीं महिला सशक्तीकरण के लिए प्रियांशु यादव को सम्मान से नवाजा गया। स्व. अलखनाथ यादव सामाजिक प्रतीक सम्मान गाजीपुर के समाजसेवी रामनाथ यादव को दिया गया।
गोधवर्धन धाम के लिए भी काम करे सरकार
वाराणसी। विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष एवं वरिष्ठ सपा नेता रामगोविंद चौधरी ने कहा कि अयोध्या में राम मंदिर को सरकार ने राष्ट्रीय मुद्दा बनाया है। भगवान राम के साथ भगवान श्रीकृष्ण भी सभी के आराध्य हैं। खिड़किया घाट पर सरकार को गोवर्धन धाम के विकास के लिए काम करना चाहिए। गो सेवा पर भी सरकार को नसीहत दी। कहा कि गो सेवा के नाम पर राजनीति नहीं होनी चाहिए। हम गो सेवा की राजनीति नहीं करते बल्कि चारा-पानी देकर उनकी सेवा करते हैं।
गोवर्धन पूजा समिति की ओर से आयोजित गोवर्धन पूजनोत्सव को बतौर मुख्यअतिथि संबोधित करते हुए चौधरी ने नाम लिए बगैर केंद्र और प्रदेश सरकार पर निशाना साधा। कहा कि उत्तर प्रदेश में मुलायम सिंह यादव, बिहार में लालू और शरद यादव को जांच की धमकी में फंसाकर उनके राजनीतिक जीवन को कुचलने की साजिश की जा रही है। विशिष्ट अतिथि प्रदेश सरकार के मंत्री गिरीश चंद्र यादव ने कहा कि यदुवंशियों का स्वर्णिम इतिहास रहा है। गोवर्धन पूजा उसी परंपरा की कड़ी है। यदि पहले की सरकारें वास्तव में यदुवंशियों के स्वर्णिम इतिहास के प्रति सचेत होतीं तो आज हालात दूसरे होते। सपा के नेता सुनील सिंह साजन ने कहा कि देश और धर्म की रक्षा के लिए यादवों ने कुर्बानी दी है। बाबा रामदेव ने योग से विश्व में भारत का मान बढ़ाया। मंत्री गिरीश चंद्र यादव से उन्होंने आग्रह किया कि वे सरकार तक बात पहुंचाएं। अध्यक्षता समिति के अध्यक्ष विनोद यादव ने की। विधायक प्रभु नारायण यादव, पूर्व सांसद रामकिशुन यादव, शिवनाथ यादव, पूर्व विधायक राजित यादव, राजनाथ यादव, हरियाणा के विधायक ओम प्रकाश यादव, श्रीप्रकाश यादव, राजू यादव, जितेंद्र, मदन यादव, डॉ. पीयूष, डॉ. एसएन यादव आदि मौजूद रहे। संचालन समिति के महामंत्री जय प्रकाश यादव ने किया।