वाराणसी। डिप्लोमा इंजीनियर्स संघ और राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के प्रदेश अध्यक्ष हरि किशोर तिवारी ने प्रदेश सरकार से मांग की कि भ्रष्टाचार खत्म करने के लिए जो भी सड़क बने पहले उसकी थर्ड पार्टी से जांच हो बाद में भुगतान किया जाए। अभी भुगतान के बाद सड़क की जांच की जाती है। इस व्यवस्था में बदलाव लाना चाहिए। वे मंगलवार को नदेसर स्थित पीडब्ल्यूडी कार्यालय में डिप्लोमा इंजीनियर्स संघ पीडब्ल्यूडी के 16वें क्षेत्रीय द्विवार्षिक अधिवेशन को बतौर विशिष्ट अतिथि संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार में कर्मचारियों का उत्पीड़न हो रहा है। उनकी समस्याओं को सुना नहीं जा रहा है। खनन बंद होने से गिट्टी, बालू, मोरंग के दाम में तीन गुना बढ़ोतरी हो गई है लेकिन पुराने दाम पर ही काम कराने का दबाव बनाया जा रहा है। जिन ठेकेदारों से सामान मंगाकर सड़कें गड्ढामुक्त की गई हैं, उनका मात्र 20 प्रतिशत भुगतान हुआ है। बाकी भुगतान नहीं होने से नया काम कराने में दिक्कत आ रही है।
कार्यक्रम में ‘आज का परिवेश और सांगठनिक भूमिका’ पर चर्चा की गई। अधिवेशन में बनारस के अलावा चंदौली, गाजीपुर, भदोही, मिर्जापुर, सोनभद्र के जूनियर इंजीनियर भी शामिल हुए। इस दौरान पदाधिकारियों का चुनाव किया गया। इस मौके पर बीडी गुप्ता, वीके कुशवाहा, दिवाकर राय, एनडी द्विवेदी, शशिकांत श्रीवास्तव, आनंद लाल आदि ने अपने विचार रखे।