वाराणसी। काशी की दुर्गापूजा में इस बार बाहुबली और कटप्पा पर्यटकों, श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का केंद्र बनेंगे। बद्रीनाथ धाम मंदिर की अनुकृति वाले पंडाल में बाहुबली की मां देवसेना के रूप में कटप्पा का वध करेंगी। 73 फीट ऊंचे बद्रीनाथ धाम के पंडाल को कोलकाता का कारीगर अंतिम रूप दे रहे हैं। शारदीय नवरात्र में यह खास प्रतिमा न्यू यूथ स्पोर्टिंग क्लब संजय गांधी नगर की ओर से सजाई जाएगी।
21 सितंबर से शुरू हो रहे शारदीय नवरात्र में दुर्गा पूजा महोत्सव की तैयारियां तेज हो गई हैं। पंडालों में एक से बढ़कर एक प्रतिमाओं के रूप दिखेंगे। संजय गांधी नगर में मां महिषासुर मर्दिनी के स्थान को बाहुबली का रूप दिया जा रहा है। बद्रीधाम मंदिर वाले इस पंडाल में बाहुबली और कटप्पा की झांकी देखने लायक होगी। पंडाल में ही प्रसिद्ध मूर्तिकार केना पाल मां की इको फ्रेंडली प्रतिमा गढ़ रहे हैं। क्लब के अध्यक्ष दिनेश सिंह दीनू ने बताया कि बाहुबली की मां देवसेना के रूप में महिषासुर मर्दिनी की प्रतिमा बनाई जा रही है। देवसेना के हाथों महिषासुर रूपी कटप्पा का वध होगा।