वाराणसी। काशी के तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए शहर के निजाम को बनाए रखने और अमन की अपील के उद्देश्य से शुक्रवार को मैत्री भवन भेलूपुर में सर्वधर्म गोलमेज वार्ता का आयोजन किया गया जिसमें सभी मजहब के धर्मगुरुओं ने हिस्सा लिया। सनातन धर्म के अगुआ महंत प्रो. विश्वंभरनाथ मिश्र ने अध्यक्षता की। उन्होंने कहा कि काशी अध्यात्म का वो केंद्र जो शांति और सौहार्द के साथ जीना पसंद करती है। संपूर्ण विश्व के लिए एक आदर्श है लेकिन कुछ लोग प्रीति की इस संस्कृति को भंग करना चाहते हैं। हमें ऐसे लोगाें के नापाक इरादे को सफल न होने दें, यही हमारी कोशिश होनी चाहिए।
बिशप फादर यूजीन जोसेफ ने कहा कि जिस भ्रातृ प्रेम और शांति का का जिक्र ईसाइयत करता है वह सजीव रूप से काशी की नगरी में विद्यमान है। अगर कोई विघभन बाधा यहां आए तो हमें आपस में मिलकर संवाद के माध्यम से समस्या का समाधान करके पुन: भाईचारा स्थापित कर एक शांतिपूर्ण, प्रेमपूर्ण और सुदृढ़ समाज का निर्माण करना चाहिए। मुफ्ती-ए-शहर मौलाना अब्दुल बातिन नोमानी ने कहा कि जो लोग समाज में नफरत फैलाते हैं, प्रशासन उन पर सख्त कार्रवाई करे लेकिन जो लोग बेकसूर हैं उन्हें न तो गिरफ्तार किया जाए और ना ही प्रताड़ित किया जाए। भाई धर्मवीर सिंह ने मिल जुलकर हम मुश्किल का हल निकालने की वकालत की। प्रो. कमलेश जैन, फरमान हैदर, डॉ. मोधवेलपोर ने भी अपने विचार रखे। अतिथियों का स्वागत, संचालन और धन्यवाद ज्ञापन निदेशक फादर डॉ. चंद्रकांत ने किया।