रूफ प्लाजा की भी होगी सुविधा
पूर्वोत्तर रेलवे के 15 स्टेशनों को अमृत भारत स्टेशन के रूप में किया जाएगा विकसित, एक साल बाद दिखेगा असर
ऑटोमेटिक सिग्नलिंग अपग्रेडेशन के लिए 80 करोड़ रुपये का आवंटन, एक-एक किमी पर लगाए जाएंगे सिग्नल
संवाद न्यूज एजेंसी
वाराणसी। बनारस और वाराणसी सिटी रेलवे स्टेशन पर जल्द ही 12 मीटर चौड़ा एफओबी बनाने का काम शुरू होगा। इस एफओबी पर रूफ प्लाजा की भी सुविधा होगी। इसके तहत बीच से यात्री एक प्लेटफार्म से दूसरे प्लेटफार्म पर जाएंगे, जबकि दोनों तरफ दुकानें बनाई जाएंगी। यह जानकारी पूर्वोत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी गोरखपुर पंकज कुमार सिंह ने मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय में बृहस्पतिवार को पत्रकारों से बातचीत में दी।
उन्होंने बताया कि पूर्वोत्तर रेलवे के अंतर्गत आने वाले बनारस, वाराणसी सिटी, मऊ, सिवान, बलिया, देवरिया सदर, आजमगढ़, बेल्थरा रोड, गाजीपुर सिटी, सालेमपुर, कप्तानगज, भटनी, मैरवॉ, सुरेमानपुर एवं थावे रेलवे स्टेशन को अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत विकसित किया जाना है। इन स्टेशनों पर बुनियादी और यात्री सुविधाएं बढ़ाए जाने का काम किया जाएगा। साथ ही आधुनिक तकनीकों से लैस उपकरण लगाने एवं एनजीटी मानकों के अनुरूप रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम, सोलर प्लांट यूनिट लगाए जाएंगे। साथ ही पुराने भवनों का फिर से निर्माण स्थानीय कला एवं स्थापत्य के अनुसार कराने एवं नए भवन भी जरूरत के हिसाब से स्टेशन पर उपलब्ध यात्री सुख सुविधाओं का विस्तार किया जाएाग। अगले एक वर्ष में इन स्टेशनों का बदला स्वरूप उभरने लगेगा।
उन्होंने कहा कि सिग्नलिंग के क्षेत्र में दोहरीकरण एवं यार्ड रिमाडलिंग के साथ-साथ स्टेशनों पर वीडीयू पैनल एवं इलेक्ट्रानिक सिग्नलों से युक्त ऑटोमेटिक सिग्नलिंग की व्यवस्था की जा रही है। जिससे रेल खंडों पर एक-एक किमी पर ऑटोमेटिक सिग्नल लगाए जाएंगे। इससे गाड़ियों की गति बढ़ाई जा सकेगी। इसी क्रम में गोरखपुर-छपरा एवं छपरा-प्रयागराज रामबाग, गोरखपुर लखनऊ रेल खंड पर ऑटोमेटिक सिग्नलिंग अपग्रेडेशन के लिए 80 करोड़ रुपये का आवंटन हुआ है। उन्होंने बताया कि पूर्वोत्तर रेलवे ने 20 फरवरी को अपने सभी परिचालन मार्गों का शत प्रतिशत विद्युतीकरण कार्य कर लिया है।
वाराणसी मंडल के लिए बनेगा रिकॉर्ड
दोहरीकरण के क्रम में डोभी-मुफ्तीगंज, हंडिया खास-रामनाथपुर, करीमूद्दीनपुर-युसुफपुर, युसुफपुर-गाजीपुर सिटी, फेफना-रसड़ा, सठियांव-फरिहा, गौतमस्थान-मांझी, मुफ्तीगंज-जौनपुर एवं सहतवार-बकुल्हां रेल खंडों पर कुल 167.95 किमी का दोहरीकरण कार्य विद्युतीकरण के साथ संपन्न हो चुका है। यह एक रिकॉर्ड है।