वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ सपा से शालिनी यादव को प्रत्याशी बनाए जाने के बाद भी कांग्रेस के उम्मीदवार पर सस्पेंस बरकरार है।
इस बीच कांग्रेसी खेमे में पार्टी की राष्ट्रीय महासचिव व पूर्वी उत्तर प्रदेश की प्रभारी प्रियंका के वाराणसी से चुनाव लड़ने की अटकलें खत्म नहीं हुई हैं। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता कह रहे हैं कि अगर स्थानीय प्रत्याशी उतारना होता तो अब तक नाम घोषित कर दिया जाता। उनका कहना है कि प्रियंका 29 अप्रैल को नामांकन दाखिल कर सकती हैं।
प्रियंका के सक्रिय राजनीति में आने और प्रयागराज से वाराणसी तक की गंगा यात्रा के बाद से ही उनके बनारस से चुनाव लड़ने के कयास थे। स्थानीय नेताओं की मानें तो शीर्ष नेतृत्व से भी प्रियंका के यहां से चुनाव लड़ने के संकेत मिल रहे हैं। कांग्रेस पीएम मोदी को वाकओवर देने के मूड में नहीं है। कांग्रेस नेता ने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी के नामांकन के बाद प्रियंका वाराणसी आकर नामांकन करेंगी।