वाराणसी। आर्य महिला पीजी कालेज चेतगंज के इकाई डी की ओर से बैजनथा स्थित सात द्विवसीय राष्ट्रीय सेवा योजना शिविर का रविवार को समापन समारोह आयोजित किया गया। जिसमें स्वयं सेविकाओं ने एक से बढ़कर एक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर खूब वाहवाही लूटी। कार्यक्रम की शुरूआत एक दन्ताय वक्रतुण्डाय गौरीतनयाय धीमहि.. पर गणेश वंदना से हुआ, जिसमें प्रीति, वंदना और रेणुका की प्रस्तुति को अतिथियों ने खूब सराहा। इसके बाद प्रिया और महिमा ने ‘मन वीणा में गूंजीत ध्वनि मंगलम...गीत पेश कर अतिथियों का स्वागत किया। मुख्य अतिथि आर्य महिला पीजी कालेज की प्राचार्या डॉ. रचना दुबे, प्रबंधक शशिकांत दीक्षित, राष्ट्रीय सेवा योजना कार्यक्रम संयोजक पीके शर्मा, क्षेत्रीय पुरातत्व अधिकारी सुभाषचंद्र यादव रहे।
कार्यक्रम में स्वयं सेविकाओं द्वारा सात दिनों तक किए गए कार्यों की सराहना करते हुए पुरस्कृत किया। कार्यक्रम में सुभाषचंद्र यादव ने स्वयं सेविकाओं को बताया कि राष्ट्र को अपनी भावनाओं से सुरक्षित रखना ही सच्ची देशभक्ति है। उन्होंने बताया कि हमे अपने देश को बेहतर बनाने है, इसके लिए हमें ही पहल करनी होगी। पीके शर्मा ने स्वयं सेविकाओं के कार्यों की सराहना करते हुए ऐसे ही आगे बढ़ते रहने की अपील की। कार्यक्रम के अंत में शिविर में उत्कृष्ट प्रदर्शन, रंगोली, अनुशासन, संचालन के लिए स्वयं सेविकाओं को पुरस्कृत किया गया। शिविर में इंटेक के टेकनिकल निदेशक डॉ. धमेंद्र मिश्रा का विशेष सहयोग रहा। धन्यवाद कार्यक्रम अधिकारी डॉ. स्वाति मिश्रा ने दिया।