ज्ञानपुर (भदोही)। लखनो गांव में 12 जनवरी को स्कूल वैन हादसे में गिरफ्तार आरोपी प्रधानाध्यापिका कंचन दुबे को शनिवार शाम न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। चौथे और अंतिम आरोपी वाहन मालिक की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने कई स्थानों पर दबिश दी।
लखनो गांव में बिना मान्यता चल रहे एससी कान्वेंट स्कूल की प्रधानाध्यापिका कंचन दुबे को शनिवार सुबह मुखबिर की सूचना पर मिर्जापुर तिराहे से ज्ञानपुर कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था। दोपहर बाद करीब तीन बजे आरोपी प्रधानाध्यापिका को पुलिस ने न्यायालय में पेश किया। कोर्ट ने मामले की गंभीरता को देखते हुए 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेजने का आदेश दिया। सीओ ज्ञानपुर यादवेंद्र कुमार ने बताया कि इस मामले में अब तक वाहन चालक मनोज कुमार यादव, स्कूल प्रबंधक सुशील कुमार दुबे और प्रधानाध्यापिका कंचन दुबे को गिरफ्तार किया जा चुका है। चौथे आरोपी वाहन मालिक अशोक कुमार की गिरफ्तारी के लिए शनिवार की रात में पुलिस ने कई स्थानों पर दबिश दी लेकिन वह पकड़ा नहीं जा सका। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
बच्चों को लेकर गमगीन हैं परिवारीजन
स्कूल वैन हादसे में तीन बच्चों की मौत के बाद शिवरामपुर और भगवास गांव में रविवार को भी सन्नाटा पसरा रहा। बीएचयू के ट्रामा सेंटर के आईसीयू में भर्ती माही समेत दो अन्य मासूमों की हालत चिंताजनक होने पर परिवारीजन जहां गमगीन हैं वहीं जिले के लोग बच्चों की सलामती के लिए दुआ कर रहे हैं।
एसआईटी की जांच भी बढ़ाएगी मुश्किल
ज्ञानपुर। स्कूल वैन हादसे की जांच कर रही एसआईटी (स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम) अहम बिंदुओं पर पड़ताल करेगी। जिससे आरोपियों की मुश्किलें भी बढ़नी तय है। एएसपी डॉ. संजय कुमार ने कहा कि घटना के तीन आरोपी गिरफ्तार हो चुके हैं। हर बिंदु पर जांच की जा रही है। विवेचना के बाद जांच रिपोर्ट एसपी को भेजी जाएगी।