गोपीगंज। कोतवाली के लाकअप में दो दिन पूर्व हुई रामजी मिश्र की मौत के मामले को लेकर रविवार को राष्ट्रीय ब्राह्मण युवजन सभा के पदाधिकारियों ने थाने का घेराव करते हुए धरना प्रदर्शन किया। ज्ञानपुर विधायक के समझाने पर नाराज लोग शांत हुए। पदाधिकारियों ने एसडीएम को पांच सूत्रीय मांगो का ज्ञापन सौंपा।
गोपीगंज नगर के फूलबाग निवासी आटो चालक रामजी मिश्र की कोतवाली में मौत हो गई थी। उक्त घटना को लेकर राष्ट्रीय ब्राह्मण युवजन सभा के सैकड़ों कार्यकर्ता रविवार को पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कोतवाली पहुंचे और प्रवेश द्वार पर धरने पर बैठ गए। मौके पर पहुंचे ज्ञानपुर विधायक विजय मिश्र ने लोगों को समझाकर धरना समाप्त कराया। संगठन के जिलाध्यक्ष अंबरीश तिवारी ने कहा कि पुलिस की लापरवाही से रामजी की मौत हुई है। इस मामले में कोतवाल को लाईन हाजिर किए जाने के बजाए मुकदमा दर्ज किया जाए। एसडीएम अमृता सिंह को पांच सूत्रीय ज्ञापन सौंपकर दोषी पुलिस कर्मी और चौकी प्रभारी के खिलाफ कार्रवाई किए जाने, मृृतक परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने, 20 लाख रुपए की आर्थिक सहायता और मामले की सीबीआई जांच कराने की मांग किया। चेतावनी दिया कि उनकी मांगे पूरी नहीं की गई तो संगठन दुबारा आंदोलन करेगा। इस मौके पर सुनील पांडेय, बिरजू पांडेय, जीवा तिवारी, आलोक दुबे, हरिशंकर तिवारी, प्रदीप मिश्र, कमल तिवारी, तपन राज आदि मौजूद रहे।