वाराणसी। केन्द्र सरकार की महत्वाकांक्षी काशी इंटर माडल परियोजना की बाधाओं को दूर करने के लिए मंगलवार को दिल्ली में सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय में वाराणसी के अधिकारियों की बैठक हुई। इसमें भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण को इस परियोजना का डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट तैयार करने का निर्देश दिया गया। इससे पहले मंत्रालय की टीम काशी रेलवे स्टेशन परिसर का दौरा कर इस परियोजना के लिए रेलवे और राज्य सरकार से मिलने वाली जमीन के मामले को सुलझाएगी।
काशी रेलवे स्टेशन परिसर में ही 30 हेक्टेयर में इंटर मॉडल स्टेशन (आईएमएस) बनाया जाना है। यहां एक ही परिसर से रेल, रोड ट्रांसपोर्ट और इनलैंड वाटर ट्रांसपोर्ट की सुविधा होगा। इस परियोजना को गति देने के लिए मंगलवार को डीएम योगेश्वर राम मिश्र को दिल्ली बुलाया गया था। सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय के सचिव के साथ हुई बैठक में जमीन अधिग्रहण को लेकर चर्चा हुई। इस परियोजना के लिए रेलवे और राज्य सरकार को जमीन अधिग्रहित करनी है, इसी के चलते यह परियोजना रुकी हुई है। डीएम योगेश्वर राम मिश्र ने बताया कि बैठक में बाद तय किया गया कि मंत्रालय की टीम इस परियोजना का सर्वे करेगी और इसकी ग्राउंड रिपोर्ट तैयार करेगी। एनएचएआई इस परियोजना का डीपीआर तैयार करेगी। तीन से चार साल में काम पूरा होने की उम्मीद है।