वाराणसी। बिजली विभाग के अधिकारियों की लापरवाही आए दिन संविदा और डेलीवेजेज कर्मचारियों पर भारी पड़ रही है। शुक्रवार को मंडुवाडीह में पोल शिफ्टिंग के दौरान विभागीय अधिकारियों की लापरवाही के चलते दो कर्मचारी गंभीर रूप से झुलस गए। उन्हें एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अपनी लापरवाही स्वीकारने के बजाए विभागीय अधिकारी कर्मचारियों की ही गलती बताने में लगे रहे। इलाज के लिए भी उन्हें ठेकेदारों के भरोसे छोड़ दिया।
पीएम के आगमन के मद्देनजर मंडुवाडीह चौराहे पर तार और खंभों को शिफ्ट किया जा रहा है। लापरवाही इस कदर कि ऊपर से गुजरी हाईटेंशन लाइन का शटडाउन तक नहीं लिया गया था। नतीजतन, शिफ्टिंग के दौरान दोपहर में क्रेन में बंधा पोल ऊपर से गुजर रहे 11 हजार वोल्ट की लाइन से छू गया। इससे खंभे में करेंट उतर गया और शिफ्टिंग में जुटे दो कर्मचारी झटका खाकर जमीन पर गिर पड़े। जबकि क्रेन के ड्राइवर कल्लू अग्रहरि ने कूदकर अपनी जान बचाई। गंभीर रूप से घायल चंदौली निवासी विनोद साहनी (32) और राजातालाब निवासी अमलेश कुमार (45) को आननफानन में अस्पताल ले जाया गया। जहां उनकी हालत गंभीर बताई गई है।