वाराणसी। कोतवाली थाना क्षेत्र के सप्तसागर दवा मंडी स्थित दवा की दुकान का ताला खोलकर कर चोर गुरुवार की रात करीब डेढ़ लाख रुपये नगद चुरा ले गए। चोर सीसीटीवी का डीवीआर भी अपने साथ ले गए। शुक्रवार की सुबह दुकान मालिक गिरधारी लाल यादव जब दुकान पहुंचे तो घटना की जानकारी हुई। चोरी की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल की। फिलहाल चोरों का कोई सुराग हाथ नहीं लगा।
सप्तसागर निवासी गिरधारी लाल यादव के मकान से कुछ दूरी पर ही आयुर्वेदिक दवा की दुकान है। गिरधारी लाल ने शुक्रवार की सुबह शटर का ताला खोला। अंदर जाने पर पता चला कि क्लोज सर्किट टेलीविजन का डीवीआर (डिजिटल वीडियो रिकॉर्डर) गायब था। कर्मचारियों के आने के बाद जब दुकान का लाकर खोला तो वहां रखे डेढ़ लाख रुपये भी गायब थे। पुलिस घटना को संदिग्ध मानकर जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि किसी जानने वाले ने ही घटना को अंजाम दिया है। बिना ताला टूटे चोरी हुई है। 12 दिसंबर को चोरों ने कोतवाली थाना अंतर्गत बुलानाला रोड पर स्थित खादिम फुटवियर शोरूम में भी चोरी की थी।