रोहनिया। राजातालाब तहसील में मुंशी का काम करने वाले जटाशंकर यादव उर्फ नखड़ू (40) के ऊपर भीमचंडी गांव में बाइक सवार दो बदमाशों ने पीछे से फायरिंग की। इसके बाद बदमाश मातलदेई की ओर भाग निकले। गोली चलने की आवाज सुनकर ग्रामीण मौके की तरफ भागे और जटाशंकर यादव को राजातालाब पुलिस चौकी लाया गया। पुलिस जटाशंकर को लेकर मंडलीय अस्पताल गई जहां उनके बाएं हाथ की कोहनी का उपचार कर हालत खतरे से बाहर बताई गई। मामले को लेकर जटाशंकर ने पड़ोसियों पर जमीन विवाद की रंजिश में गोली मारने का आरोप लगाते हुए दो के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कराया है।
रोहनिया थाना अंतर्गत दीपापुर निवासी जटाशंकर यादव राजातालाब तहसील में अपने अधिवक्ता भाई राजन के साथ मुंशी का काम करते हैं। जटाशंकर ने बताया कि छह बजे के लगभग वो राजातालाब तहसील से भीमचंडी गांव पहुंचे थे। इसी दौरान पीछे से आए बाइक सवार दो बदमाशों ने उन पर दो राउंड फायरिंग की। एक गोली उनके बाएं हाथ के कोहनी में लगी तो वो अनियंत्रित हो गए। पीछे मुड़ कर देखे तो बाइक सवार हेलमेट पहने दो बदमाश गांव की एक लिंक रोड के सहारे मातलदेई की ओर भाग रहे थे। उधर, मंडलीय अस्पताल में उपचार के बाद डॉक्टरोें ने जटाशंकर की हालत खतरे से बाहर बताई है।
इस संबंध में सीओ सदर अंकिता सिंह ने बताया कि जटाशंकर ने बताया है कि पड़ोसियों से उनका जमीन संबंधी विवाद है। दो पड़ोसियों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया गया है। घटना के संबंध में दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।