राजातालाब (वाराणसी)। रोहनिया में रविवार को हुए त्यागी भूमिहार संघ के वार्षिक अधिवेशन में भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सीपी ठाकुर ने कहा कि गरीब एवं पिछड़ी जाति के लोगों को आरक्षण देकर सामान्य जाति के बराबरी में लाया जाना चाहिए लेकिन गरीब सवर्णों को नहीं भूलना चाहिए। उन्हें भी आरक्षण का लाभ मिलना चाहिए।
लोकबंधु राजनारायण जन्म शताब्दी के उपलक्ष्य पर आयोजित अधिवेशन में सीपी ठाकुर ने समाज को आदर्शों के अनुसरण की नसीहत दी। कहा कि आदर्शों पर चलने से ही समाज बदलेगा। कहा कि राजनारायण जी परिवर्तन के अग्रदूत थे और उन्होंने समाज में कई आदर्श स्थापित किए। हर जाति को हर एक जाति का सहयोगी होना चाहिए। मुख्य अतिथि राजगुरु मठ के पीठाधीश्वर दंडी स्वामी अनंतानंद ने कहा कि ज्ञानशून्य व्यक्ति तर्कविहीन होता है। संत का कार्य नेतृत्व निर्माण करना है। कार्यक्रम में राजनारायण के पौत्र सुशील सिंह तोयज के अलावा प्रदेश के पूर्व मंत्री उज्जवल रमण सिंह, बिहार के पूर्व विधायक अन्नू शुक्ला, आनंद वर्धन, शशांक सिंह, तहसील बार राजातालाब के अध्यक्ष सुनील सिंह, आलोक सिंह, अभिषेक सिंह आदि शामिल रहे। संचालन मनीष सिंह एवं राजशेखर ने किया। अध्यक्षता श्रीप्रकाश उर्फ़ लल्लन राय ने की।
आरक्षण समाप्त करने का अच्छा समय : सीपी ठाकुर
वाराणसी। भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सीपी ठाकुर ने कहा कि आरक्षण की व्यवस्था समाप्त करने के लिए यह अच्छा समय है। खुद बाबा साहेब अंबेडकर ने कहा था कि देश के सर्वोच्च पद पर जब दलित हो तो आरक्षण समाप्त होना चाहिए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के सर्वोच्च पद पर दलित को राष्ट्रपति बनाया है। उन्होंने सवर्ण जातियों में आर्थिक रूप से पिछड़े लोगों को आरक्षण देने की वकालत भी की।
रोहनिया में पत्रकारों से हुई बातचीत में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष ने कांग्रेस नेता मणिशंकर अय्यर के बयान को ओछी राजनीति बताया। कहा कि किसी भी देश के प्रधानमंत्री के खिलाफ अपशब्द नहीं कहना चाहिए। गुजरात चुनाव में अखिलेश यादव के प्रचार पर मुलायम सिंह की ओर से की गई हार जाने की टिप्पणी के बारे में कहा कि पुत्र रास्ते से थोड़ा बहक गया है। वह रास्ते पर चला आए, इसलिए ऐसा कहा होगा। यह भी कहा कि चुनाव में ईवीएम पर सवाल उठाने वालों पर कार्रवाई होनी चाहिए।