वाराणसी। आदमपुर थाना क्षेत्र के सरायमोहाना में शुक्रवार को पुलिस ने हल्की मुठभेड़ के बाद छह लुटेरों को गिरफ्तार कर लिया। इनके पास से करीब 11 लाख के नगदी-जेवर, दो पिस्टल, तीन बाइक और चार ऑटो बरामद किए गए। दोपहर में एसएसपी आरके भारद्वाज ने पुलिस लाइन में मीडिया के सामने डकैतों को पेश किया। उन्होंने बताया कि इन बदमाशों ने अक्तूबर में चौके के आभूषण कारोबारी के कर्मचारियों से 70 लाख की लूट की थी।
क्राइम ब्रांच प्रभारी ओम नारायण सिंह को सूचना मिली थी कि छह लुटेरे सारनाथ से राजघाट की तरफ जा रहे हैं। प्रभारी निरीक्षक आदमपुर अजीत कुमार मिश्र और अपनी टीम के साथ उन्होंने सरायमोहाना में वरुणा पुल के पास घेरेबंदी कर दी। कुछ देर बाद एक साथ आ रहीं तीन बाइक को रुकने का पुलिस ने इशारा किया गया तो वे फायर करते हुए भागने लगे। पुलिस ने पीछा करते हुए सभी छह लुटेरों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार किए गए प्रदीप पटेल, अनिकेत यादव और गप्पू अधिकारी कोतवाली क्षेत्र के मध्यमेश्वर निवासी, सौरभ मिश्रा कोनिया, संदीप यादव मैदागिन और आकाश सेठ सूजाबाद रामनगर निवासी बताए गए हैं। उनके पास से पुलिस ने दो पिस्टल, 7.60 लाख रुपये नगद, 3.50 लाख के गहने, एक बुलेट, एक एक्टिवा, एक यामहा बाइक और चार ऑटो बरामद किया है। नगदी समेत कुल सामान की कीमत करीब 25 लाख बताई गई है। पुलिस टीम में अजित कुमार मिश्र, पर्व कुमार सिंह, तेज प्रताप यादव आदि शामिल थे।